Delhi Police की बड़ी कार्रवाई: 8 पिस्तौल व 11 लाख कैश के साथ चार आरोपी पकड़े गए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली पुलिस की उत्तरी रेंज ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान में रोहिणी और बाहरी उत्तरी जिले से चार आरोपियों को दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से आठ पिस्तौल, 28 कारतूस और 11 लाख रुपये की नकदी बरामद की। पकड़े गए आरोपियों में कई हिस्ट्रीशीटर और सट्टा संचालक शामिल हैं।

(गिरफ्तार आरोपियों की संख्या में संशोधन के साथ) नयी दिल्ली, 13 नवंबर दिल्ली पुलिस की उत्तरी रेंज में संगठित अपराध और अवैध हथियारों की आपूर्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहिणी और बाहरी उत्तरी जिले की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में आठ पिस्तौल, 28 कारतूस और 11 लाख रुपये बरामद किए हैं और इस बाबत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उत्तर रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) विजय सिंह ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों को बताया कि रोहिणी जिले की टीम ने बृहस्पतिवार को गुप्त सूचना के आधार पर बेगमपुर में एसयूवी कार सवार जोगिंदर उर्फ जॉक (40) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से दो अत्याधुनिक पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 14 कारतूस और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। उनके मुताबिक, उसकी निशानदेही पर किराड़ी इलाके में छापा मारा गया, जहां जॉनी उर्फ अक्षय (25) को पकड़ा गया और उसके पास से तीन पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए गए।

इस तरह दोनों आरोपियों से कुल छह पिस्तौल और 24 कारतूस मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, जोगिंदर मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी और नांगलोई में कथित तौर पर सट्टे का नेटवर्क चलाता है और उसके खिलाफ पहले हत्या और मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि वहीं, जॉनी के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

जेसीपी ने बताया कि पुलिस को हथियारों के एक बड़े आपूर्तिकर्ता के बारे में भी जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। सिंह ने बताया कि रोहिणी जिले में एक अन्य कार्रवाई में अंकुर चौहान को एक पिस्तौल और एक कारतूस के साथ पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि वह बुध विहार थाने का ‘हिस्ट्रीशीटर’ है।

उन्होंने बताया कि बाहरी उत्तरी जिले की पुलिस ने रोहित उर्फ हड्डी नामक ‘हिस्ट्रीशीटर’ को गिरफ्तार कर उसके पास से एक अर्द्धस्वचालित पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए। जेसीपी ने बताया कि वह 2024 के लूट के एक मामले में वांछित था और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास तथा लूट समेत 11 मामले दर्ज हैं। वह कथित तौर पर काला जठेड़ी गिरोह का नाम लेकर लोगों में दहशत फैलाता था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़