नगरपालिका भर्ती मामले में ईडी ने तृणमूल विधायक मदन मित्रा की पत्नी अर्चना मित्रा से पूछताछ की

Prabhasakshi Image

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित नगरपालिका भर्ती घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा की पत्नी अर्चना मित्रा से पूछताछ की है। अर्चना मित्रा अपने छोटे बेटे शुभरूप मित्रा के साथ कोलकाता स्थित ईडी कार्यालय पहुंची थीं। केंद्रीय एजेंसी इस मामले में उनके दोनों बेटों और खुद विधायक मदन मित्रा से पहले ही पूछताछ कर चुकी है।

कोलकाता, 24 जुलाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित नगरपालिका भर्ती घोटाला मामले धन शोधन जांच के सिलसिले में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा की पत्नी से पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तृणमूल कांग्रेस विधायक की पत्नी अर्चना, अपने छोटे बेटे शुभरूप मित्रा के साथ सुबह करीब 11 बजे सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय पहुंचीं।

एजेंसी के कार्यालय में जाने से पहले उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करने से इनकार कर दिया। ईडी अधिकारी के अनुसार, जांचकर्ता उन दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं, जिन्हें अर्चना मित्रा से जांच के सिलसिले में पेश करने के लिए कहा गया था। ईडी अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जांच पैसे के लेन-देन का पता लगाने और यह सत्यापित करने पर केंद्रित की गई है कि क्या कथित अवैध भर्ती से हुई अपराध की कमाई लाभार्थियों या उनके सहयोगियों से जुड़े खातों में गई।

जांच के हिस्से के तौर पर बैंक के रिकॉर्ड सहित वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है।’’ इस हफ्ते की शुरुआत में केंद्रीय एजेंसी ने अर्चना के दोनों बेटों से पूछताछ की थी। ईडी अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ का मकसद जांच के दौरान पहले से इकट्ठा किए गए दस्तावेजी सबूतों की पुष्टि करना है। उन सभी लोगों को समन जारी किए गए हैं, जिनकी भूमिका या वित्तीय लेनदेन की पुष्टि की जानी है।’’ ईडी उन आरोपों की जांच कर रही है कि उत्तर 24 परगना जिले की टीटागढ़ नगरपालिका में लगभग 125 नियुक्तियां पैसे के बदले की गई थीं।

जांच के दौरान, एजेंसी को कमरहटी के विधायक मदन मित्रा की कथित संलिप्तता का पता चला, जिसके बाद उसने उनसे जुड़ी कई ठिकानों पर तलाशी ली, जिसमें विधायक का आवास और कार्यालय भी शामिल हैं। इस मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय एजेंसी पहले ही मदन मित्रा से पूछताछ कर चुकी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़