कुछ राज्यों को छोड़ देश के किसान कर रहे कानूनों का स्वागत- विष्णुदत्त शर्मा

Vishnudutt Sharma
दिनेश शुक्ल । Jan 2 2021 10:15PM

शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव देश की जनता के हित में कार्य करते हुये अपनी दिशा तैयार की है और केन्द्र तथा प्रदेश सरकारों ने सुशासन को अपना लक्ष्य बनाया है। भाजपा की सरकारों ने सदैव पारदर्शिता के साथ काम करने को प्राथमिकता दी है।

जबलपुर। हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हित में जो कृषि कानून लागू किये गए हैं, वे किसानों के लिये सरकार का ऐतिहासिक निर्णय हैं। देश के 1-2 राज्यों को छोड़कर पूरे देश के किसानों ने इनका स्वागत किया है। प्रधानमंत्री का यह संकल्प है कि  कैसे किसानों की आय दुगनी हो, देश का किसान कैसे समृद्ध हो, इसी को ध्यान में रखते हुये केन्द्र सरकार ने ये कानून बनाये हैं। पूरे देश के किसान आश्वस्त हैं कि आने वाले समय में निश्चित ही उनकी आय में बढ़ोत्तरी होगी। कानून बनने के बाद प्रधानमंत्री ने पंचायत स्तर तक लगभग 49 लाख लोगों से संवाद किया जिससे यह ज्ञात होता है कि देश के किसान संतुष्ट हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में किसान पिता-पुत्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन

शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है। कार्यकर्ता निःस्वार्थ भाव से संगठन के कार्य में अनवरत लगा रहता है। पार्टी को मजबूती देने के लिए हम पूरे प्रदेश में कार्यर्क्ताओं को प्रशिक्षित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत दिनों मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न हुए हैं जिनमें प्रदेश के 1066 मंडलों में से लगभग 1000 मंडलों में गहनता से प्रशिक्षण हुआ है और लगभग 1 लाख कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। शेष बचे मंडलों के वर्ग भी जल्द सम्पन्न होंगे। प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं को वैचारिक दृष्टि से, संगठन कार्य की दृष्टि से, व्यवस्था की दृष्टि से, पार्टी की रीति- नीति से, पार्टी की सामाजिक भूमिका से परिचित कराया गया है। शर्मा ने कहा कि युवाओं की भागीदारी संगठन में ज्यादा हो, इस हेतु हमने युवाओं को अवसर देने का प्रयास किया है ताकि, भविष्य में मजबूत नेतृत्व का निर्माण हो सके।

इसे भी पढ़ें: आजादी के बाद से अनुसूचित जाति के बच्चों के भविष्य से खेलती रही कांग्रेस की सरकारें: आर्य

मोदी सरकार ने लिए ऐतिहासिक निर्णय

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार हर वर्ग की भलाई को ध्यान में रखकर काम कर रही है और निर्णय ले रही है। राम जन्म भूमि में मंदिर निर्माण को लेकर पूरे भारत वर्ष में उत्साह का माहौल है, जिसके लिए देश के लोगों ने 500 वर्ष के संघर्ष और लगभग 73 बार आतंक को झेला है। प्रधानमंत्री जी ने जनसाधारण की भावनाओं का सम्मान करते हुये राम जन्मभूमि का शिलान्यास किया है और अब प्रत्येक भारतीय की जबावदारी है वह प्रत्येक गांव से, घर-घर से इस पुण्य कार्य हेतु अपना सहयोग प्रदान करे। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कार्य अनु.जाति वर्ग के छात्रों के लिये किया है। भारत की आजादी के बाद पहली बार अनु.जाति, जनजाति के छात्रों की जो छात्रवृत्ति है उनका शैक्षणिक स्तर है उसे बढ़ाने के लिए सामाजिक न्याय मंत्रालय ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है।  

इसे भी पढ़ें: श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 2000 महिलाएं मध्य भारत प्रांत में पूर्णकालिक भूमिका में रहेंगी

सुशासन के लिए संकल्पित हैं भाजपा की सरकारें

भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा राजनैतिक दल है जो अनवरत 24 घंटे 365 दिन कार्य करता है और कोई भी चुनाव हो,  वह हमारे कार्यकर्ताओं के लिये एक कार्यक्रम मात्र है। भाजपा में सभी सामान्य कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता इस बात को दृढ़ता से कह सकता है कि, वह खुली हवा में सांस ले रहा है और अपनी अभिव्यक्ति की आजादी का सदुपयोग कर रहा है। अन्य दलों में इस तरह की आजादी कार्यकर्ताओं को नही है। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव देश की जनता के हित में कार्य करते हुये अपनी दिशा तैयार की है और केन्द्र तथा प्रदेश सरकारों ने सुशासन को अपना लक्ष्य बनाया है। भाजपा की सरकारों ने सदैव पारदर्शिता के साथ काम करने को प्राथमिकता दी है। इसके उदाहरण के रूप में केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार आपके सामने है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़