Faridabad में HSVP का कनिष्ठ अभियंता 3 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

हरियाणा सतर्कता ब्यूरो की टीम ने फरीदाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र कुमार को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी को शुक्रवार को एसडीओ पद पर पदोन्नति मिलनी थी, लेकिन आदेश से कुछ घंटे पहले ही उसे दबोच लिया गया।
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवीएसीबी) की गुरुग्राम टीम ने शुक्रवार को फरीदाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) में कार्यरत एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को कथित तौर पर तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र कुमार को शुक्रवार को उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) के पद पर पदोन्नत किया जाना था लेकिन इससे कुछ घंटे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी के एक अधिकारी के अनुसार, मामला फरीदाबाद के सेक्टर 76 और 78 में बिजली का भूमिगत तार बिछाने के 10.50 करोड़ रुपये के ठेके से जुड़ा है। यह ठेका शिकायतकर्ता की कंपनी को दिया गया था। अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि काम के लिए 3.46 करोड़ रुपये का भुगतान जारी होने के बाद कुमार ने कथित तौर पर सात लाख रुपये की मांग की, जो दो प्रतिशत कमीशन के बराबर था।
अन्य न्यूज़













