Harish Rawat बोले- पार्टी आदेश दे तो लड़ूंगा चुनाव, घोषणापत्रों में शामिल हो उत्तराखंडियत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ना उनकी व्यक्तिगत इच्छा नहीं है बल्कि पार्टी आलाकमान का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणापत्रों में उत्तराखंडियत को प्रमुखता से शामिल करने का आह्वान किया। रावत ने कहा कि यदि संगठन निर्देश देगा तो वह हरिद्वार से मैदान में उतरने को तैयार हैं।

उत्तराखंड में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने की दौड़ में शामिल नहीं होने की घोषणा कर चुके पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव लड़ना उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकता नहीं है और उनके लिए पार्टी के निर्देश सर्वोपरि हैं। रावत ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों को अपने चुनावी घोषणापत्रों में ‘उत्तराखंडियत’ को बढ़ावा देने वाली प्रतिबद्धताओं को शामिल करना चाहिए। रावत ने बुधवार को कहा था कि उन्हें न तो मुख्यमंत्री पद की आकांक्षा है और न ही किसी अन्य पद की।

उनका मुख्य उद्देश्य 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनते देखना है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रावत ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं चुनाव लड़ने को लेकर बहुत उत्सुक नहीं हूं, लेकिन पार्टी जो भी निर्देश देगी, मैं उसका पालन करूंगा। हम किसी चुनौती से पीछे नहीं हट सकते... अगर पार्टी मुझे निर्देश देती है, तो मुझे उम्मीद है कि मैं विधानसभा में हरिद्वार और खानपुर के विकास का खाका पेश कर सकूंगा।’’ रावत ने कहा कि वह हरिद्वार से चुनाव लड़ना चाहते हैं और बताना चाहते हैं कि क्षेत्र के लिए उनकी योजनाएं किस तरह पूरे राज्य के विकास में मदद कर सकती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अब एक वृद्ध होता हुआ वृक्ष हूं, जो आज नहीं तो कल सूख जाएगा। लेकिन मुझे चिंता उत्तराखंड के भावी स्वरूप को लेकर है।’’ रावत ने कहा, ‘‘इस राज्य में शीघ्र ही चुनाव होने जा रहे हैं। कुछ राजनीतिक दल अपने भावी संकल्पों में उत्तराखंडियत को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संकल्पों को अपने घोषणा पत्र में स्थान दें।

जनता-जनार्दन से मेरी आशा और मेरी प्रार्थना है कि उत्तराखंडियत आपका झंडा है, इस झंडे को झुकने न दें। उत्तराखंडियत केवल एक विचार नहीं, हमारे राज्य की मूल पहचान और भविष्य की संकल्पना है।’’ उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़