First Postage Stamp of Independent India: 21 नवंबर 1947 को जारी हुआ था साढ़े तीन आने का जय हिंद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

स्वतंत्र भारत की सरकार ने 21 नवंबर 1947 को अपना पहला डाक टिकट 'जय हिंद' नाम से जारी किया था, जिसकी कीमत साढ़े तीन आना थी। नीले रंग के इस ऐतिहासिक डाक टिकट पर लहराते हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की तस्वीर अंकित थी। इसके अलावा 21 नवंबर के इतिहास में भारत के पहले रॉकेट प्रक्षेपण और भौतिक विज्ञानी सी वी रमन के निधन जैसी कई प्रमुख घटनाएं भी दर्ज हैं।

देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद स्वतंत्र भारत की सरकार ने अपना पहला डाक टिकट जारी किया, जिसकी कीमत साढ़े तीन आना तय की गई। ‘जय हिंद’ के नाम से जारी इस डाक टिकट पर बीचो बीच लहराते हुए तिरंगे की तस्वीर अंकित थी, जबकि बाईं ओर अंग्रेजी में इसकी कीमत यानी साढ़े तीन आना अंकित था। तिरंगे के ठीक नीचे ‘इंडिया’ लिखा था और तिरंगे के बगल में 15 अगस्त 1947 अंकित था।

यह डाक टिकट कहने को नीले रंग का एक कागज का छोटा सा टुकड़ा था, लेकिन दरअसल यह इतिहास के पन्नों पर स्वतंत्र भारत का पहला हस्ताक्षर था, जो सारी दुनिया के सामने भारत की आजादी की विजयगाथा का जयघोष कर रहा था। देश-दुनिया के इतिहास में 21 नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1517 : दिल्ली के शासक सिकंदर लोधी द्वितीय का निधन। 1872 : कवि और स्वतंत्रता सेनानी केसरी सिंह बारहट का जन्म।

1921 : प्रिंस ऑफ वेल्स (जो बाद में किंग एडवर्ड अष्टम कहलाए) बम्बई पहुंचे और इंडियन नेशनल कांग्रेस ने देशभर में हड़ताल की। 1941 : गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल का जन्म। 1947 : स्वतंत्रता के बाद साढे तीन आने कीमत का प्रथम भारतीय डाक टिकट ‘जय हिन्द’ जारी किया गया।

1962 : भारत-चीन सीमा विवाद में चीन ने संघर्षविराम की घोषणा की। 1963 : केरल के थुंबा क्षेत्र से पहला रॉकेट छोड़े जाने के साथ ही भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत। 1970 : भारतीय भौतिक विज्ञानी सी वी रमन का निधन।

2005 : रत्नासिरी विक्रमनायके दूसरी बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री बने। 2019 : महिन्दा राजपक्षे ने तीसरी बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। 2019 : स्वीडन की 17 साल की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग जलवायु परिवर्तन के खिलाफ संघर्ष के लिए अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से सम्मानित।

2021: मशहूर पंजाबी गायिका गुरमीत बावा का 77 साल की उम्र में निधन। 2021: भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुकांत कदम ने युगांडा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रमोद भगत के नाम तीन रजत पदक रहे। 2023: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के तिथवाल इलाके में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास 104 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया।

2024: पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा में हुए आतंकवादी हमले में 50 लोगों की मौत।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़