बीजेपी के पूर्व उपाध्यक्ष विजेश लुणावत का निधन, कोरोना से थे पीड़ित

Former BJP Vice President Vijesh Lunavat

मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष विजेश लूनावत का निधन हो गया है।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और हम सभी के प्रिय साथी विजेश लूनावत के निधन की सूचना से स्तब्ध और दुःखी हूं। यह मध्य प्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष विजेश लूनावत का बृहस्पतिवार को यहां निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार वह काफी समय से अस्वस्थ थे और हाल ही में वह कोविड-19 संक्रमित भी पाये गये थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी एवं दो बेटियां हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और हम सभी के प्रिय साथी विजेश लूनावत के निधन की सूचना से स्तब्ध और दुःखी हूं। यह मध्य प्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस कठिन घड़ी में उनके परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति।’’

इसे भी पढ़ें: वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ममता बनर्जी को बताया देश की नेता

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘समझ ही नहीं पा रहा हूं कि इतना कर्मठ, यारबाज एवं कुशल संगठक किसी बीमारी की चपेट में कैसे आ गया? वे तो कभी कोई लड़ाई नहीं हारे, तब कमबख्त कैंसर कैसे हावी हो गया। मध्य प्रदेश भाजपा के बीते दो दशक में ऐसा कोई काम नहीं, जिसमें वे शरीक न हों। चुनाव और मीडिया प्रबंधन मेंवे बेजोड़ थे।’’’ मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष विजेश लूनावत के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूँ। लूनावत ने हमेशा एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए कार्य किया। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकसंतृप्त परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें। अत्यंत दुःखद।’’ मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनायें। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़