राजस्थान में पूर्व BJP विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ का निधन

former mla surendra singh rathore passes away

बीकानेर संभाग में श्रीगंगानगर जिले के पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ का आज जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में निधन हो गया।

बीकानेर। बीकानेर संभाग में श्रीगंगानगर जिले के पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ का आज जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में निधन हो गया। सवाई मानसिंह अस्पताल के अधीक्षक डा. डी एस मीणा ने बताया कि पूर्व विधायक सिंह को दिल की बीमारी के चलते गंभीर हालत में आज अस्पताल लाया गया, लेकिन दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हो गया।

उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि राठौड़ कई बार सरपंच तथा गंगानगर पंचायत समिति के प्रधान भी रहे। प्रधान बनने के बाद वह प्रधान जी के नाम से जाने पहचाने जाने लगे। 2003 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस के राधेश्याम गंगानगर को 35922 मतों के अंतर से हराया। वह श्रीगंगानगर में किसान, मजदूरों के मसीहा कहलाए जाते थे।

राठौड़ का अंतिम संस्कार श्रीगंगानगर में कल सुबह करीब 11 बजे होगा। उनके निधन पर केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास, गंगा पुनरुत्थान तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने गहरा शोक प्रकट कर कहा कि राठौड़ किसानों, मजदूरों के मसीहा के रूप में जाने जाते थे। भाजपा के युवा नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत, युवा मोर्चा के रमजान अली चौपदार, अधिवक्ता अशोक भाटी, दिशा कमेटी के दिल्लू खान कोहरी सहित अनेक नेताओं,, साहित्यकार, सामाजिक संगठनों, मजदूर संगठनों ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़