राजस्थान के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री मेघवाल पर साधा निशाना

Union Law Minister Arjun Ram Meghwal
Creative Common

पार्टी प्रवक्ता के अनुसार बैठक में संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और मौजूदा महाभ्रष्ट सरकार को उखाड़ने के लिए जनता तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच संकल्प पत्र लेकर जाएगी... जिसमें बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार , बेलगाम अपराध, पेपरलीक, किसानों की कर्जमाफ़ी सहित प्रमुख मुद्दे होंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठतम विधायकों में से एक और राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भ्रष्ट नंबर एक बताते हुए सोमवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उन्हें मंत्रिपरिषद से हटाने की मांग करेंगे। कैलाश मेघवाल ने भीलवाड़ा के एक गांव में एक सार्वजनिक बैठक में यह टिप्पणी की। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीकानेर से सांसद अर्जुन राम मेघवाल को हाल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की चुनाव घोषणा संकल्प पत्र समिति का संयोजक नियुक्त किया गया था। समिति की बैठक सोमवार को जयपुर में हुई जिसमें अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। कैलाश मेघवाल ने कहा, ‘‘यह अर्जुन मेघवाल भ्रष्ट नंबर एक हैं। आज भी उनपर भ्रष्टाचार के मुकदमे चल रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखूंगा कि वह उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर करें।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि अर्जुन राम मेघवाल ने भ्रष्टाचार में गरीबों और अनुसूचित जाति के लोगों को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा, भ्रष्टाचार के मामलों से खुद को बचाने के लिए वह राजनीति में आए और राजनीति में आगे बढ़े। उनके खिलाफ अभी भी मामले चल रहे हैं। संपर्क करने पर शाहपुरा (भीलवाड़ा) से विधायक कैलाश मेघवाल ने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि अर्जुन राम मेघवाल तब से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं जब वह एक अधिकारी थे। उन्होंने कहा,‘‘मैंने आज एक बैठक में लोगों से जो कहा है वह सही है। मैं मंत्री के खिलाफ प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखने जा रहा हूं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने ये आरोप अब क्यों लगाए जबकि अर्जुन राम मेघवाल कई वर्षों से केंद्र में मंत्री हैं, तो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह मतदाताओं को जागरूक करना चाहते थे क्योंकि “ अर्जुन राम मेघवाल मतदाताओं को गुमराह कर रहे हैं और गंदी राजनीति कर रहे हैं।” अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश मेघवाल दोनों दलित नेता हैं।

हाल में अर्जुन राम मेघवाल को किरेन रिजिजू के स्थान पर विधि व न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नियुक्त किया गया। वह लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रहे और बाद में वित्त, कॉर्पोरेट मामले, भारी उद्योग और सार्वजनिक उद्यम, जल संसाधन, संसदीय मामले और संस्कृति जैसे विभागों को संभालने वाले राज्य मंत्री रहे। उनसे टिप्पणी के लिए मंत्री से संपर्क नहीं हो सका।राजनीति में आने से पहले अर्जुनराम मेघवाल भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। भाजपा की घोषणा पत्र समिति की बैठक सोमवार को जयपुर में पार्टी मुख्यालय में हुई जिसमें घोषणा पत्र की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। पार्टी प्रवक्ता के अनुसार बैठक में संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और मौजूदा महाभ्रष्ट सरकार को उखाड़ने के लिए जनता तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच संकल्प पत्र लेकर जाएगी... जिसमें बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार , बेलगाम अपराध, पेपरलीक, किसानों की कर्जमाफ़ी सहित प्रमुख मुद्दे होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़