पूर्व Vice President Jagdeep Dhankhar को AIIMS से मिली छुट्टी, तबीयत बिगड़ने पर हुए थे भर्ती

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चिकित्सकीय देखरेख और उपचार के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बुधवार को सुबह की सैर के समय वह अचानक कुछ मिनट के लिए अचेत होकर गिर पड़े थे। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें घर ले गए और फिर जांच के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को शनिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी दे दी गई। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। धनखड़ (75) को बुधवार को सुबह की सैर के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उस समय वह कुछ मिनट तक बेहोश रहे थे। उन्हें एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां हृदय रोग विभाग की देखरेख में उनकी चिकित्सकीय जांच और उपचार किया जा रहा था। धनखड़ के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें बेहोश होकर गिरने के बाद शुरुआत में पीसीआर वाहन से घर ले गए थे और बाद में उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।

पिछले दो वर्षों में धनखड़ कई बार बेहोश होकर गिर चुके हैं। हालांकि, इस बार वह सबसे अधिक समय तक बेहोश रहे। जून 2025 में नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान वह बेहोश हो गए थे।

इस साल जनवरी में भी घर पर वह दो बार बेहोश हुए थे। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। धनखड़ ने अगस्त 2022 से 21 जुलाई 2025 को इस्तीफा देने तक भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में कार्य किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़