पूर्व उपराष्ट्रपति Jagdeep Dhankhar की AIIMS में कार्डियो-न्यूरो जांच, अभी अस्पताल में ही रहेंगे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में बृहस्पतिवार को पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के दिल और तंत्रिका तंत्र की विस्तृत जांच की गई। बुधवार को सुबह की सैर के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को संपूर्ण स्वास्थ्य जांच और अंतिम मूल्यांकन के बाद डॉक्टरों द्वारा उन्हें छुट्टी देने पर निर्णय लिया जाएगा।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बृहस्पतिवार को पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के हृदय और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी कई जांच की गईं और चिकित्सकों की सलाह पर वह फिलहाल अस्पताल में ही रहेंगे। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि उनके हृदय की कार्यप्रणाली और तंत्रिका तंत्र की स्थिति का पता लगाने के लिए एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में ये जांच की गईं।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को उनकी सेहत की पूरी जांच के बाद अंतिम आकलन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने पर फैसला लिया जा सकता है। पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ (75) को बुधवार को सुबह की सैर के दौरान अचानक गिरने और बेहोश होने के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था।

सूत्रों ने बताया कि इस बार वह पहले की तुलना में अधिक समय तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी शुरुआत में उन्हें पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) की गाड़ी से घर ले गए थे। इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) की एक चिकित्सा टीम और एम्स के चिकित्सक संदीप सेठ ने उनकी जांच की।

उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए बाद में उन्हें एम्बुलेंस से एम्स ले जाया गया। धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया और जांच तथा इलाज के लिए हृदय रोग विभाग की निगरानी में रखा गया। पिछले दो वर्षों में वह कई बार बेहोश हो चुके हैं और उन्हें चेतना खोने की समस्या हुई है।

जून 2025 में कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने के लिए नैनीताल की आधिकारिक यात्रा के दौरान वह बेहोश हो गए थे। इस साल जनवरी में भी अपने आवास पर उनके दो बार बेहोश होने की खबरें आई थीं। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी।

धनखड़ अगस्त 2022 से 21 जुलाई 2025 तक उपराष्ट्रपति थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़