Prabhasakshi NewsRoom: Delhi BJP के नये कार्यालय का शिलान्यास, भवन में दिखेगी दक्षिण भारतीय मंदिरों की वास्तुकला

Bhoomi Pujan State BJP Office
ANI

भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर बन रहे नये मुख्यालय में दक्षिण भारतीय मंदिरों की वास्तुकला की झलक नजर आएगी और यह पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं के वित्तीय योगदान से संचालित होगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज भाजपा की दिल्ली इकाई कार्यालय का भूमि पूजन किया और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पार्टी की दिल्ली इकाई के अलावा केंद्रीय इकाई के भी कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। पूजन के बाद नड्डा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ये हमारे कार्यालय सिर्फ कार्यालय नहीं हैं, ये हमारे 'संस्कार केंद्र' हैं। उन्होंने कहा कि कार्य करने की विधि... उसकी जगह कार्यालय है। हमारी पार्टी अन्य पार्टियों से अलग है। सारी पार्टियां विचार से शून्य की तरफ जा रही हैं जबकि हमारी पार्टी विचारों पर खड़ी है। नड्डा ने कहा कि आज देश में कोई ऐसी पार्टी नहीं है जो एक विचारधारा के लिए सतत चलती रही और उसको पूरा करे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन हुआ, मैं अपनी और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं की ओर से इस अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन सभी लोगों को याद करने का भी दिन है जिन्होंने दिल्ली प्रदेश में भाजपा की लंबी यात्रा में अपना बहुत बड़ा योगदान दिया।

हम आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर बन रहे नये मुख्यालय में दक्षिण भारतीय मंदिरों की वास्तुकला की झलक नजर आएगी और यह पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं के वित्तीय योगदान से संचालित होगा। डीडीयू मार्ग पर 825 वर्ग मीटर के भूखंड पर बनने वाले चार मंजिला हरित भवन के बारे में भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की दिल्ली इकाई का अपना कार्यालय भवन होने का पुराना सपना साकार होने वाला है। सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि नया भवन भाजपा की दिल्ली इकाई के पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं के कठिन परिश्रम के प्रति सम्मान होगा जिन्होंने अपना पूरा जीवन पार्टी के विकास में लगा दिया।

इसे भी पढ़ें: क्या 2024 में दिल्ली की गद्दी का रास्ता यूपी से होकर नहीं बल्कि पटना से होकर जायेगा?

हम आपको बता दें कि नये भवन का निर्माण कार्य अगले 18 महीने में पूरा होने की संभावना है और पार्टी 2025 का विधानसभा चुनाव इसी भवन से लड़ेगी। भाजपा ने यह भी तय किया है कि पार्टी कार्यकर्ताओं में भवन पर अधिकार होने की भावना को बढ़ावा देने के लिए शहर के सभी 10,000 मतदान बूथों के 10 से 15 लोगों से एक-एक हजार रुपये लिए जाएंगे। हम आपको यह भी बता दें कि वर्तमान में भाजपा की दिल्ली इकाई का कार्यालय पंडित पंत मार्ग पर स्थित है। दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बन रहा प्रदेश भाजपा का नया कार्यालय पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के एकदम नजदीक हो जायेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा का केंद्रीय कार्यालय अशोक रोड़ से पंडित दीनदयाल मार्ग पर स्थानांतरित हो गया था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़