गैंगेस्टर ने फोन कर माफी मांगने को कहाः संजय निरूपम

[email protected] । Oct 7 2016 5:11PM

लक्षित हमले को लेकर सन्देह उठाने के कारण विवाद में आए मुंबई के कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम ने आज दावा किया कि कथित गैंगेस्टर रवि पुजारी ने उन्हें ‘‘धमकी भरा काल’’ किया।

मुंबई। लक्षित हमले को लेकर सन्देह उठाने के कारण विवाद में आए मुंबई के कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम ने आज दावा किया कि कथित गैंगेस्टर रवि पुजारी ने उन्हें ‘‘धमकी भरा काल’’ किया और अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी मांगने को कहा। निरूपम ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पुजारी ने पांच अक्तूबर को पूर्वाह्न करीब सवा ग्यारह बजे उनके आवास के लैंडलाइन पर एक विदेशी नंबर से फोन किया था। उन्होंने वर्सोवा पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवायी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें धमकी दी गयी कि यदि नियंत्रण रेखा के पार सेना द्वारा की गयी कार्रवाई को लेकर की गयी अपनी टिप्पणी को लेकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो उनके एवं उनके परिवारों के सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक न तो मुंबई पुलिस आयुक्त न किसी अन्य अधिकारी ने उनसे इस सिलसिले में कोई सूचना नहीं मांगी। लक्षित हमले को लेकर की गयी टिप्प्णी के कारण राजनीतिक गलियारों में आलोचनाएं झेल रहे निरूपम ने उन्हें मिली कथित धमकी के लिए भाजपा सरकार पर दोषारोपण करने का प्रयास किया। निरूपम ने कहा, ‘‘क्या विपक्षी नेताओं को गुंडों के लिए जरिये धमकाया जाएगा। मैं जनता से आया नेता हूं। मुझे क्यों धमकाया जा रहा है।’’

अपनी आलोचनाओं से अविचलित निरूपम ने कहा, ‘‘पहले भी ऐसे हमले हुए हैं। किन्तु इस बार इसका राजनीतिकरण किया जा रहा है। हमलों के बारे में साक्ष्य क्यों नहीं मांगे जाने चाहिए। यदि पाकिस्तान हमारे खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है तो साक्ष्य रखे जाने चाहिए। हमें अपनी सेना पर नाज है।’’ भाजपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल सैनिकों के खून पर राजनीति कर रहा है। ‘‘हम निश्चित तौर पर सवाल पूछेंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।’’ इससे पहले निरूपम में सेना द्वारा किये गये लक्षित हमले की पुष्टि के लिए प्रमाण मांगे थे किन्तु कांग्रेस नेतृत्व ने इस टिप्पणी से अपने को अलग कर लिया था। कांग्रेस ने कहा था कि उसे सशस्त्र बलों पर पूर्ण विश्वास है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़