Goa में Charter Flights को बढ़ावा देने के लिए सरकार देगी 2 करोड़ रुपये की मदद

गोवा सरकार ने सर्दियों के आगामी सीजन में विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा करने के लिए 2 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय मदद देने की घोषणा की है। पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे के अनुसार, इस कदम का मकसद अंतरराष्ट्रीय चार्टर उड़ानों के संचालकों को राज्य के लिए सेवाएं बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित करना है।
पणजी, चार अक्टूबर पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने रविवार को कहा कि गोवा सरकार ने आगामी सर्दियों के मौसम में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के प्रयासों के तहत अंतरराष्ट्रीय चार्टर उड़ानों को प्रोत्साहित करने के लिए दो करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य चार्टर उड़ान संचालकों को गोवा के लिए उड़ानों का संचालन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है। रूस, पोलैंड, कजाकिस्तान और ब्रिटेन से नवंबर से नयी उड़ानें शुरू होने तथा मौजूदा उड़ानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
मंत्री ने इस योजना का विस्तृत ब्योरा दिए बिना एक वीडियो बयान में कहा, “हमारे लिए हर नयी उड़ान का मतलब स्थानीय कारोबार और समुदायों के लिए नया अवसर हैं।” खुंटे ने कहा कि अप्रैल 2022 में पदभार संभालने के बाद से अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रही है और राज्य सरकार इसके लिए केंद्र सरकार, विमानन कंपनियों, पर्यटन संचालकों और पर्यटन उद्योग के साथ मिलकर काम कर रही है। सरकार गोवा बियॉन्ड बीचेस पहल के जरिए पर्यटकों को राज्य के आंतरिक इलाकों की सैर के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत पर्यटकों को अधिक समय तक ठहरने तथा गांवों की यात्रा करने के साथ-साथ राज्य की विरासत, संस्कृति और खानपान को जानने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
गोवा में 2026-27 का अंतरराष्ट्रीय चार्टर उड़ान सत्र शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत येकातेरिनबर्ग से 162 यात्रियों को लेकर पहुंची एक उड़ान के साथ हुई। रूस से चार्टर उड़ानों का संचालन शुरुआत में सप्ताह में पांच बार किया जाएगा, जिसे अक्टूबर के मध्य से बढ़ाकर नौ बार किया जाएगा।
इसके बाद ब्रिटेन और कजाकिस्तान से भी चार्टर उड़ानें शुरू होने की योजना है, जिससे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ गोवा के संपर्क मजबूत होंगे।
अन्य न्यूज़













