Greater Noida में दो मुठभेड़ों के बाद छह बदमाश पकड़े गए, चार आरोपी घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस ने हत्या और लूट के मामलों में वांछित छह बदमाशों को दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से चार आरोपी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रबूपुरा और बीटा-दो थाना क्षेत्रों में हुई इन कार्रवाइयों के दौरान अवैध हथियार और वाहन भी बरामद किए गए।

ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चार आरोपियों और लूटपाट के मामलों में वांछित दो इनामी बदमाशों समेत छह लोगों को दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दोनों मुठभेड़ों में चार बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा थाने की पुलिस रविवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-20 के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ संदिग्ध लोग वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन जब वे भागने लगे तो पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया, जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। सिंह के अनुसार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी तथा उनकी पहचान बुलंदशहर निवासी राजकुमार (22) और हापुड़ निवासी सचिन (22) के रूप में हुई है।

दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उनके दो अन्य साथी कमल और हरेंद्र उर्फ जितेंद्र मौके से भाग गए थे, जिन्हें बाद में तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल और लोहे की छड़ आदि बरामद की गई हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने आठ नवंबर को इस्माइल नामक व्यक्ति की हत्या कर उसका शव नहर के किनारे फेंक दिया था। एक अन्य घटना में बीटा-दो थाने की पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। सिंह ने बताया कि पुलिस डाकिया बाबा गोल चक्कर के पास अवरोधक लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध लोग वहां पहुंचे।

उन्होंने बताया कि पुलिस के रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया, जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। सिंह ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।

उन्होंने बताया कि इन आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी दीपू उर्फ पप्पू और हमीरपुर निवासी मोनू के रूप में हुई है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दोनों आरोपी लूटपाट की वारदातों में शामिल रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो देसी तमंचे बरामद किए गए हैं।

सिंह के अनुसार, दीपू के खिलाफ पहले से आठ और मोनू के खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़