Kudo Tournament: अभिनेता Akshay Kumar के निरंतर सहयोग की हर्ष संघवी ने की प्रशंसा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पिछले सात-आठ वर्षों से अंतरराष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट के आयोजन में लगातार सहयोग करने पर अभिनेता अक्षय कुमार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति अक्षय की प्रतिबद्धता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस कार्यक्रम में लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और निवृत्ति कुमारी मेवाड़ भी उपस्थित थे।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पिछले सात-आठ वर्षों से लगातार एक अंतरराष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग करने के लिए रविवार को अभिनेता अक्षय कुमार की सराहना की और कहा कि इस खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। संघवी ने 18वें अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट के दौरान अभिनेता, महाराणा ऑफ मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ तथा उनकी पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ की उपस्थिति में यह बात कही। संघवी ने कहा, ‘‘अपनी सफलता और व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अक्षय कुमार पिछले सात-आठ वर्षों से बिना एक भी वर्ष चूके लगातार अपना समय दे रहे हैं और कूडो टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं, जो इसके प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’ उन्होंने कहा कि फिटनेस, अनुशासन और समर्पण के मामले में अक्षय कुमार आज के युवाओं के लिए एक बेहतरीन आदर्श हैं।

कूडो जापान में 1981 में शुरू की गई एक आधुनिक और मिश्रित मार्शल आर्ट खेल है। कुमार ने संघवी का आभार व्यक्त किया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन में अपना योगदान देने वाले 300 से अधिक रेफरी, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़