हंदवाड़ा घटना: परिवार ने कहा, बयान के लिए दबाव था

[email protected] । Apr 16 2016 5:21PM

कथित छेड़छाड़ को लेकर कश्मीर में हिंसा भड़कने के बीच लड़की के परिवार ने आज कहा कि घटना से इनकार करने वाले वीडियो बयान के लिए लड़की पर दबाव बनाया गया था।

श्रीनगर। कथित छेड़छाड़ को लेकर कश्मीर में हिंसा भड़कने के बीच लड़की के परिवार ने आज कहा कि घटना से इनकार करने वाले वीडियो बयान के लिए लड़की पर दबाव बनाया गया था। इसके साथ ही परिवार ने घटना की स्वतंत्र जांच के लिए अदालत से संपर्क किया है। लड़की की मां ने दावा किया, ‘‘मेरी लड़की की उम्र महज 16 साल है और जब उसका बयान दर्ज किया गया तब वह थाने में अकेली थी। पुलिस ने उस पर बयान देने के लिए दबाव बनाया।’’

एक सिविल सोसायटी ने यहां लड़की के परिवार की प्रेस कान्फ्रेंस का कार्यक्रम बनाया लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। संवाददाताओं के साथ बातचीत में लड़की की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी बेटी को परिवार को सूचना दिए बिना हिरासत में ले लिया और उसके चेहरे को ढके बिना वीडियो बयान दर्ज कर उसकी पहचान का खुलासा कर दिया। उसने कहा, ‘‘मंगलवार को लड़की जब स्कूल से घर लौट रही थी तो वह बाथरूम गई। सेना के एक जवान ने उसका पीछा किया। जब उसने बाथरूम में सेना के जवान को देखा तो उसने शोर मचा दिया, जिससे पास के दुकानदार एकत्र हो गए। घटनास्थल पर पुलिसकर्मी भी आ गए और सेना का जवान भाग गया।’’

मां ने कहा, ‘‘उसे (लड़की को) तब हमारी जानकारी के बिना थाने ले जाया गया।’’ उसने कहा, ‘‘हमने अदालत से संपर्क किया है और घटना की स्वतंत्र जांच की मांग की है। हम पुलिस या सेना, जिन्होंने यह किया है, से जांच नहीं चाहते।’’ मंगलवार को एक सैनिक द्वारा कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद भड़की हिंसा में पांच लोग मारे जा चुके हैं। लड़की की मां ने आरोप लगाया, ‘‘हमें हमारी लड़की से नहीं मिलने दिया गया। उसके पिता और चाची को भी हिरासत में ले लिया गया। हमें पांच दिन से गिरफ्तार अपनी बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’ उसने कहा कि पुलिस लड़की की पहचान मीडिया को सार्वजनिक कर उसकी ‘‘मानहानि’’ कर रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़