Haryana के Nuh में अवैध डेयरियों पर छापा, 7500 किलोग्राम मिलावटी पनीर बरामद

प्रशासन की संयुक्त टीम ने नूंह में प्रतिबंध के बावजूद चल रही चार डेयरियों पर रात के समय कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में तैयार पनीर जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार सरकार ने क्षेत्र में पनीर बनाने पर एक साल का पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है, फिर भी कई अवैध इकाइयां संचालित हो रही थीं।
हरियाणा के नूंह प्रशासन ने जिले में पनीर बनाने वाली अवैध इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार डेरियों से करीब 7,500 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र के डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया और कई संचालक दंडात्मक कार्रवाई के डर से अपनी इकाइयां बंद करके भाग गए।
अधिकारियों के अनुसार, सरकार ने पिछले महीने ही क्षेत्र में पनीर के निर्माण पर एक साल के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद नूंह जिले में तीन दर्जन से अधिक अवैध पनीर बनाने की इकाइयां संचालित हो रही हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास जागलान, उपमंडलीय दंडाधिकारी (एसडीएम) अमित कुमार, सदर थाना प्रभारी नरेश कुमार, तहसीलदार संजीव नागर और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार रात यह छापा मारा।
अधिकारियों ने बताया कि टीम ने यूसुफ डेरी, खालिद-इसराइल डेरी, पंडित डेरी और सद्दाम डेरी पर दबिश देकर वहां से बड़ी मात्रा में तैयार कर रखा गया पनीर जब्त किया।
अन्य न्यूज़













