Hema Malini ने फिल्म 'बंटवारा 1947' की तारीफ की, कहा- यह मानवता और सौहार्द का संदेश देती है

भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'बंटवारा 1947' की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि यह फिल्म नफरत और विभाजन के ऊपर दया, मानवता तथा आपसी सौहार्द को चुनने का संदेश देती है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस ने किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने फिल्म बंटवारा 1947 की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म दर्शकों को याद दिलाती है कि नफरत और विभाजन की तुलना में मानवता, आपसी सम्मान और सौहार्द कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में हेमा मालिनी ने कहा कि उन्होंने रविवार को यह फिल्म देखी और यह बहुत बेहतरीन है। उन्होंने लिखा, मैंने यह फिल्म देखी, यह बहुत शानदार है और एक स्पष्ट संदेश देती है जिसकी आज देश को आवश्यकता है।
यह हमें याद दिलाती है कि नफरत और विभाजन से कहीं ज्यादा जरूरी मानवता, आपसी सम्मान और सौहार्द हैं। मुझे उम्मीद है कि यह संदेश लोगों को अपनी सोच बदलने और नफरत के ऊपर दया को चुनने के लिए प्रेरित करेगा। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1947 में भारत और पाकिस्तान के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस फिल्म में सनी देओल और शबाना आजमी के साथ करण देओल तथा प्रीति जिंटा भी अहम किरदारों में हैं। 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई।
अन्य न्यूज़













