IAS D Sajith Babu बने केरल के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, ECI ने नाम को दी मंजूरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारत निर्वाचन आयोग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डी सजित बाबू को केरल का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। राज्य सरकार की सिफारिश के बाद आयोग ने उनके नाम पर मुहर लगाई। सामान्य शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत सजित बाबू इससे पूर्व जिलाधिकारी और सहकारिता समितियों के निबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी डी सजित बाबू को केरल का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी साझा की।

कार्यालय ने कहा, ‘‘भारत निर्वाचन आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद पर नियुक्ति के लिए डी सजित बाबू के नाम को मंजूरी दे दी।’’ अधिकारी बाबू फिलहाल केरल के सामान्य शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। अधिकारियों के मुताबिक, वह इससे पहले जिलाधिकारी, सप्लाईको के आयुक्त, राष्ट्रीय आयुष मिशन के राज्य मिशन निदेशक, सहकारिता समितियों के निबंधक और पशुपालन विभाग के विशेष सचिव के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं। केरल के पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू. केलकर को इस साल मई में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन का सचिव नियुक्त किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद के लिए सजित बाबू के नाम की सिफारिश की थी, जिसे बाद में निर्वाचन आयोग ने मंजूरी दे दी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़