दिल्ली पुलिस ने अपने पूर्व आयुक्त वेद मारवाह को दी श्रद्धांजलि, कहा- हमें बहुत याद आएंगे सर

Ved Marwah

गोवा के कार्यकारी पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने बताया कि मारवाह ने उत्तरी गोवा में मापुसा के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।

नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अपने पूर्व आयुक्त वेद मारवाह को शनिवार को श्रद्धांजलि दी। मारवाह का 87 साल की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया था। वर्ष 1985 से 1988 तक दिल्ली पुलिस के आयुक्त रहे मारवाह बाद में झारखंड, मिजोरम और मणिपुर के राज्यपाल भी रहे। गोवा के कार्यकारी पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने बताया कि मारवाह ने उत्तरी गोवा में मापुसा के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। सिंह के मुताबिक गोवा में अपने घर में गिर जाने के बाद मारवाह को तीन सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को शाम साढ़े सात बजे उनका निधन हो गया। 

इसे भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस कमिश्‍नर और तीन राज्यों के राज्यपाल रहे मारवाह का निधन, PM मोदी ने जताया दुख 

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को मारवाह को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘ मृदु व्यवहार लेकिन दृढ़ निश्चय वाले, मृदुभाषी लेकिन कठिन कार्य को भी पूरा करने वाले सर्वोत्कृष्ट नौकरशाह। शानदार पुलिस अधिकारी एवं उत्कृष्ट प्रशासक- वेद मारवाह सर, हमने एक महान हस्ती खो दी।’’ उसने लिखा, ‘‘दिल्ली पुलिस अपने सबसे शानदार आयुक्तों में एक को सलाम करती है और श्रद्धांजलि देती है।’’ एक जवाब में उसने यह भी लिखा कि हमें आप बहुत याद आयेंगे, सर।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़