Swachh Survekshan में इंदौर को मिले सर्वाधिक अंक, पुष्यमित्र भार्गव बोले जारी हो स्कोरकार्ड

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर के शीर्ष स्थान गंवाने के कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए महापौर ने सर्वाधिक अंक मिलने की बात कही है। पुष्यमित्र भार्गव के अनुसार केंद्र की एक शहर एक पुरस्कार नीति के तहत इंदौर को स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में देपालपुर के साथ सम्मानित किया गया। वहीं हवाई अड्डे पर दूषित पेयजल पीड़ितों के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया।

लगातार आठ साल तक देश का सबसे स्वच्छ शहर रहे इंदौर के इस बार यह खिताब गंवा देने के कांग्रेस के आरोपों के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में मिले सर्वाधिक अंकों के आधार पर इंदौर अब भी पहले स्थान पर बना हुआ है। केंद्र सरकार के 2025-26 के सर्वेक्षण के बुधवार को घोषित परिणामों की ‘नेशनल क्लीन सिटी’ श्रेणी में नवी मुंबई को सबसे स्वच्छ शहर चुना गया, जबकि सूरत एवं विजयवाड़ा क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। लगातार आठ साल तक देश का सबसे स्वच्छ शहर का तमगा हासिल करने वाले इंदौर को इस बार सर्वेक्षण की एक अलग श्रेणी में रखकर पुरस्कृत किया गया।

नयी ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत इंदौर (मेंटॉर सिटी) ने देपालपुर (मेंटी सिटी) के साथ देश भर में दूसरा स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में अहमदाबाद अपने जोड़ीदार साणंद के साथ अव्वल रहा, जबकि तिरुपति-कुप्पम की जोड़ी तीसरे नंबर पर रही। इंदौर के महापौर भार्गव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सर्वेक्षण की ‘नेशनल क्लीन सिटी’ श्रेणी में इंदौर को देश भर के शहरों में सबसे ज्यादा अंक मिले, लेकिन केंद्र सरकार ने इस बार एक शहर को एक ही श्रेणी में पुरस्कृत करने की नीति अपनाई और इंदौर को ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ की श्रेणी में देपालपुर के साथ पुरस्कार दिया गया।

उन्होंने कहा,‘‘जो लोग बोल रहे हैं कि राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर अपना शीर्ष स्थान गंवा चुका है, वे मेहरबानी करके बताएं कि इसमें हमारा स्थान कौन-सा है? सर्वेक्षण की अंक तालिका जारी होने दीजिए, सब स्पष्ट हो जाएगा।’’ स्वच्छता सर्वेक्षण के पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेने के बाद महापौर जब बुधवार को दिल्ली से इंदौर लौटने वाले थे, तब शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय हवाई अड्डे पर तख्तियां लहराकर विरोध प्रदर्शन किया। इनमें से एक तख्ती पर लिखा था,‘‘पीड़ित परिवारों को न्याय कब मिलेगा?’’ बाद में नगर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने प्रदर्शनकारियों का एक वीडियो जारी किया।

उन्होंने कहा कि दूषित पेयजल के कारण परिजनों को खो चुके ये लोग महापौर से न्याय मांगने पहुंचे थे, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के कथित इशारे पर पुलिस उन्हें हवाई अड्डे से हटाकर एरोड्रम थाने ले गई जिनमें 80 वर्षीय महिला और 10 साल का लड़का शामिल था। चौकसे ने कहा,‘‘भार्गव महापौर के रूप में इंदौर के लिए पनौती साबित हुए हैं। उनके कार्यकाल में इंदौर का देश के सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव छिन गया है।

अब वह झूठ बोलकर और भ्रम फैलाकर अपनी इज्जत बचाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ हवाई अड्डे पर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस के अनुचित बर्ताव को लेकर चौकसे के आरोप पर एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने कहा,‘‘सार्वजनिक स्थल पर अशांति फैलने की स्थिति में हो सकता है कि प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए पुलिस थाने बुलवाया गया हो, लेकिन उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़