Jharkhand में जीतना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन BJP को अच्छे नतीजों की उम्मीद: Himanta Biswa Sarma

Himanta Biswa Sarma
प्रतिरूप फोटो
ANI

मुख्यमंत्री ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'मैं यहां उपचुनावों पर नजर नहीं रख पा रहा हूं। मैं झारखंड में बहुत व्यस्त रहा हूं।' शर्मा ने झारखंड में भाजपा की जीत की संभावनाओं पर कहा कि यह चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन हमें वहां अच्छे नतीजों की उम्मीद है।

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए जीत हासिल करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन भाजपा को सत्ता में आने की ‘‘उम्मीद’’ है। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के सह-प्रभारी शर्मा ने यह भी कहा कि वह वहां चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और असम में 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं यहां उपचुनावों पर नजर नहीं रख पा रहा हूं। मैं झारखंड में बहुत व्यस्त रहा हूं।’’ शर्मा ने झारखंड में भाजपा की जीत की संभावनाओं पर कहा कि यह चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन ‘‘हमें वहां अच्छे नतीजों की उम्मीद है।’’

इसे भी पढ़ें: देश में रचनात्मक ऊर्जा की लहर, Mann Ki Baat में PM Modi ने कहा- एनिमेशन की दुनिया में ‘मेड इन इंडिया’ छाया हुआ है

झारखंड विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरण में होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। उन्होंने कहा कि असम के मंत्री, विधायक और भाजपा का राज्य नेतृत्व पूर्वोत्तर राज्य में पांच विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए प्रचार कर रहे हैं।

शर्मा ने कहा, ‘‘मैं इस बारे में निश्चित तौर पर नहीं कह सकता कि मैं इस बार यहां प्रचार करूंगा या नहीं। अगर मैं समय निकाल पाया तो शायद एक या दो जगहों पर प्रचार करूंगा।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़