झुंझुनूं में Panchayat Election के दौरान खूनी झड़प, घायल पूर्व सरपंच की मौत

झुंझुनूं में Panchayat Election के दौरान खूनी झड़प, घायल पूर्व सरपंच की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में खेतड़ी के विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस बीच घोषित चुनाव नतीजों में मृतक की पुत्रवधू सुमन सैनी विजयी रहीं।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के खेतड़ी उपखंड की विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल पूर्व सरपंच की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार को बबाई पंचायत समिति क्षेत्र की विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान हुई।

पुलिस ने बताया कि मतदान के लिए पर्चियां बनाने के लिए लगाए गए बूथ पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सैनी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया गया।

हालांकि, जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मारपीट में घायल करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी का खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, सैनी का शव नीमकाथाना जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

इस बीच, देर रात घोषित सरपंच चुनाव के नतीजे में सैनी की पुत्रवधू सुमन सैनी ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी मंजू देवी को 158 मतों से हराया। विजयनगर ग्राम पंचायत के गठन के बाद पहली बार चुनाव हुए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़