जंगली हाथियों को मुदिगेरे में खदेड़ने पर Congress MLA नयना मोटम्मा ने दिया इस्तीफा

जंगली हाथियों को मुदिगेरे में खदेड़ने पर Congress MLA नयना मोटम्मा ने दिया इस्तीफा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

हासन जिले से हाथियों के झुंड को अपने विधानसभा क्षेत्र में जबरन भेजे जाने के विरोध में मुदिगेरे विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग ने स्थानीय जन प्रतिनिधियों से सलाह लिए बिना ही यह अभियान चलाया।

कांग्रेस विधायक नयना मोटम्मा ने हासन जिले से जंगली हाथियों को कथित तौर पर जबरन चिक्कमगलुरु जिले के उनके मुदिगेरे निर्वाचन क्षेत्र में खदेड़े जाने के विरोध में सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि यदि उनके क्षेत्र के लोगों के हितों और जीवन की अनदेखी की जाती है, तो वह विधायक के रूप में पद पर बने रहने की इच्छुक नहीं हैं। विधानसभा अध्यक्ष जी. एस. पाटिल की अनुपस्थिति में उनके निजी सचिव को अपना त्यागपत्र सौंपने के बाद मोटम्मा ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक बैठक निर्धारित होने के बावजूद, वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के निर्वाचित प्रतिनिधियों से परामर्श किए बिना ही हाथियों को खदेड़ने का अभियान शुरू कर दिया।

उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा, मुझे उन लोगों के सवालों का जवाब देना है जिन्होंने मुझे चुना है। मैं केवल सरकार के प्रति जवाबदेह नहीं हूं। यदि हम उन लोगों की रक्षा नहीं कर सकते जिन्होंने हमें चुना है, तो सार्वजनिक पद पर बने रहने का क्या उद्देश्य है।

मुदिगेरे विधायक ने कहा कि वन विभाग द्वारा स्थानीय विधायकों को सूचित किए बिना या उनकी सहमति लिए बिना कथित तौर पर हाथियों को उनके निर्वाचन क्षेत्र की ओर खदेड़ने के बाद वह अपना इस्तीफा लेकर विधान सौध पहुंचीं। उन्होंने बताया कि 56 हाथियों का एक झुंड हाल ही में हासन जिले के बेलूर क्षेत्र से गुजरा था, जिसके परिणामस्वरूप एक या दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि बाद में चिक्कमगलुरु जिले के एन. आर. पुरा क्षेत्र में एक और व्यक्ति मारा गया था। मोटम्मा ने कहा कि विधायकों द्वारा उठाई गई आपत्तियों के बाद मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने हस्तक्षेप किया।

उन्होंने कहा कि हासन और चिक्कमगलुरु के मुख्य वन संरक्षकों ने भी उन्हें जानकारी दी और आश्वासन दिया कि अभियान को निलंबित कर दिया जाएगा और यथास्थिति बनाए रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो हाथी पहले ही मुदिगेरे की ओर खदेड़े जा चुके हैं, उन्हें वापस भेजा जाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़