कर्नाटक: कांग्रेस के दो विधायकों में झड़प, एक अस्पताल में भर्ती

karnataka-two-congress-mlas-clash-recruitment-in-a-hospital
[email protected] । Jan 21 2019 9:49AM

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पार्टी के दोनों विधायकों के बीच झड़प की घटना शनिवार की रात शहर के उस रिजॉर्ट में हुई जहां कांग्रेस के विधायक शुक्रवार से ही जमे हुए हैं।

बेंगलुरू। कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रम ने उस वक्त अजीबोगरीब मोड़ ले लिया जब कांग्रेस के विधायक जे एन गणेश की अपनी ही पार्टी के विधायक आनंद सिंह से कथित तौर पर झड़प हो गई। इस बीच, कांग्रेस ने पार्टी विधायक दल की अहम बैठक में हिस्सा नहीं लेने वाले अपने चार विधायकों को नोटिस जारी किया है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पार्टी के दोनों विधायकों के बीच झड़प की घटना शनिवार की रात शहर के उस रिजॉर्ट में हुई जहां कांग्रेस के विधायक शुक्रवार से ही जमे हुए हैं। मुख्य विपक्षी भाजपा की ओर से कांग्रेस-जद एस सरकार गिराने की कथित कोशिशों के कारण इन विधायकों को रिजॉर्ट में रखा गया है। उन्होंने बताया कि बल्लारी जिले के कम्पली विधानसभा क्षेत्र से विधायक जे एन गणेश के साथ हुई झड़प के बाद इसी जिले के होसपेट से विधायक आनंद सिंह को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों के बीच तीखी बहस हुई और फिर हाथापाई हो गई।

इस बीच, रविवार को अपने चार विधायकों को भेजे गए नोटिस में कांग्रेस ने जानना चाहा है कि शुक्रवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हिस्सा नहीं लेने पर उनके खिलाफ दल-बदल निरोधक कानून के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। कांग्रेस ने अपने शक्ति प्रदर्शन के उद्देश्य से विधायक दल की बैठक की थी।बहरहाल, अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि आनंद सिंह की ‘‘आंखें काली पड़ गई हैं।उनके मुताबिक, आनंद ने छाती में बेचैनी की शिकायत की थी, लेकिन अब वह ‘‘ठीक’’ हैं और वॉर्ड में हैं। गणेश कांग्रेस के उन ‘असंतुष्ट’ विधायकों में शामिल बताए जाते हैं जो कथित तौर पर भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे पार्टी के असंतुष्ट विधायकों के संपर्क में हैं। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने राज्यपाल वजुभाई वाला और विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार से घटना की रिपोर्ट मांगने की अपील की है। कांग्रेस प्रवक्ता एवं निजामाबाद के पूर्व सांसद मधु गौड़ याक्षी ने बताया, ‘‘यह निजी मामला था, जिले से जुड़ा था। वे कारोबार में एक साथ हैं। इस झड़प का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। वे एक ही जिले के हैं और उनके कारोबारी रिश्ते हैं। यह (झगड़ा) उसी से जुड़ा है। इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।’’ 

यह भी पढ़ें: महागठबंधन भ्रष्टाचार, नकारात्मकता का गठबंधन है: नरेन्द्र मोदी

याक्षी ने बताया कि उनकी मौजूदगी में दोनों विधायकों ने रात में खाना खाया और उस समय सब कुछ अच्छा था, लेकिन जैसे ही वह वहां से गए तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि घटना के लिए सिद्धरमैया जवाबदेह हैं और उन्होंने मांग की कि पुलिस सिंह के बयान दर्ज करे। उन्होंने कहा, ‘‘एक रिजॉर्ट में कांग्रेस के विधायकों के बीच झड़प और उसके परिणाम स्वरूप आनंद सिंह को अस्पताल में भर्ती कराने की घटना से सभी 224 विधायकों का सिर शर्म से झुक गया है। राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना चाहिए और उचित कार्रवाई के लिए घटना की रिपोर्ट मांगनी चाहिए।’’ 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़