धरती पर उतरी जन्नत! बर्फ की सफेद चादर में लिपटा पूरा Kashmir, कुदरत की खूबसूरती देखकर पर्यटक हो रहे मंत्रमुग्ध

कश्मीर के अधिकांश इलाकों में रातभर बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने पहाड़ों का रंग बदल दिया। गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के अलावा गुरेज, कुपवाड़ा, जोजिला दर्रे और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से गुजरने वाले मुगल रोड पर भी बर्फबारी दर्ज की गई।
धरती पर अगर कहीं जन्नत का अहसास करना हो तो कश्मीर की वादियों से खूबसूरत शायद ही कोई जगह हो। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर, देवदार के पेड़ों पर जमी बर्फ और ठंडी हवाओं के बीच खिल उठे कुदरत के नजारे... सर्दियों की पहली दस्तक के साथ ही जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती एक बार फिर अपने शबाब पर पहुंचने लगी है। गुलमर्ग से सोनमर्ग और भद्रवाह तक हुई बर्फबारी ने पर्यटन के नए मौसम का खूबसूरत आगाज कर दिया है।
हम आपको बता दें कि कश्मीर के अधिकांश इलाकों में रातभर बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने पहाड़ों का रंग बदल दिया। गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के अलावा गुरेज, कुपवाड़ा, जोजिला दर्रे और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से गुजरने वाले मुगल रोड पर भी बर्फबारी दर्ज की गई। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और यह घाटी की सबसे ठंडी जगह रही। वहीं शोपियां के मैदानी इलाके में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें: Farooq Abdullah ने फिर रागा Pakistan के साथ वार्ता का अलाप, बोले- बंदूकें शांत होने का इंतजार करेंगे तो देर हो जायेगी
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारामूला में 49.5 मिलीमीटर, गुलमर्ग में 40.6 मिलीमीटर और कुपवाड़ा में 37.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 से 21 नवंबर तक मौसम सामान्यत: शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में पर्यटकों को कश्मीर की खूबसूरत वादियों का दीदार करने का अच्छा अवसर मिल सकता है।
उधर, डोडा जिले के भद्रवाह में भी लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर बर्फबारी के साथ समाप्त हो गया। गुलदंडा, छतरगल्ला, पदरी, भाल पदरी और बाछ धार जैसे पर्यटन स्थलों पर हुई बर्फबारी ने स्थानीय लोगों के साथ पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिला दिए हैं। दूसरी ओर, बर्फबारी से पर्यटकों, होटल कारोबारियों, गाइड और पोनी संचालकों में उत्साह है। हम आपको यह भी बता दें कि प्रशासन ने महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों से बर्फ हटाने का काम भी शुरू कर दिया है।
बहरहाल, कश्मीर की वादियां एक बार फिर सैलानियों को अपनी ओर बुला रही हैं। अगर आप भी बर्फ से ढके पहाड़ों, खूबसूरत झीलों और सर्दियों के रोमांटिक नजारों के बीच कुछ यादगार पल बिताना चाहते हैं, तो इस मौसम में कश्मीर की सैर आपके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं होगी।
अन्य न्यूज़














