यूपी पुलिस में शामिल 470 कुशल खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र, Keshav Prasad Maurya ने सराहा

यूपी पुलिस में शामिल 470 कुशल खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र, Keshav Prasad Maurya ने सराहा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कुशल खिलाड़ी कोटे से चयनित 470 खिलाड़ियों को पुलिस सेवा के नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि देश का तिरंगा लहराने पर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश के लिए पदक जीतकर पदोन्नति के मौके भुनाने का आह्वान किया।

लखनऊ, आठ अक्टूबर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को कहा कि जब पदक जीतकर कोई खिलाड़ी भारत का तिरंगा लहराता है तो छाती चौड़ी हो जाती है। मौर्य यहां लोकभवन में उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की मौजूदगी में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत पुलिस सेवा के लिए चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने समारोह को संबोधित कर रहे थे। मौर्य ने अपने संबोधन में नियुक्ति पत्र पाने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ‘‘जब अवसर मिलता है तो आप लोगों को खेलते हुए देखते हैं और जब पदक जीतकर कोई खिलाड़ी भारत का तिरंगा लहराता है तो छाती चौड़ी हो जाती है।’’ उन्‍होंने कहा कि आज आपको खेल के क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने के कारण सरकारी सेवा (पुलिस सेवा) में आने का अवसर मिला है और आपके पास अब और अच्‍छे परिणाम लाने के मौके हैं।

मौर्य ने कहा, आपको जहां उप्र की जनता की सेवा और सुरक्षा का अवसर मिला है, वहीं आपका खेल अभी खत्म नहीं हुआ है। आप जब अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर का कोई पदक प्रदेश व देश के लिए जीतते हैं तो पदोन्‍नति के और भी बेहतर मौके मिल सकते हैं। उन्‍होंने हाल में जापान में संपन्न हुए एशियाई खेलों की चर्चा करते हुए कहा कि जब देश में सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट का स्वर्ण पदक आप लोगों (खिलाड़ियों) ने जीता और उसमें उप्र के खिलाड़ी भी सहभागी थे, तो उसके लिए बधाई देता हूं।

मौर्य ने कबड्डी टीम, हॉकी और अन्य खेलों में भी पदक पाने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री ने उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में राज्य की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 के पहले यहां की कानून व्यवस्था ध्वस्त रहती थी, लेकिन आज पूरा देश इस बात की चर्चा करता है कि उप्र की कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़