Kishtwar में जमीन विवाद को लेकर SPO बशीर अहमद का गला काटा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक विशेष पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक 16 अक्टूबर को जंगल में एक गड्ढे से बरामद शव के बाद हुई जांच में पुरानी जमीनी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और पीड़ित का सामान भी बरामद कर लिया है।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों को जमीन विवाद में हत्या किए जाने का संदेह है।
एसपीओ बशीर अहमद का शव 16 अक्टूबर को त्रिगाम के जंगल के सेरान वानी इलाके में एक गड्ढे से बरामद किया गया था। उनका गला काटा गया था। शव बरामद होने से एक दिन पहले स्थानीय पुलिस चौकी से लौटते समय अहमद के लापता होने की सूचना मिली थी।
उनके साथ उनकी सर्विस राइफल भी गायब थी। अहमद का हथियार भी जंगल से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद किश्तवाड़ पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)(हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सेरान वानी के रहने वाले बशीर अहमद डार और उनके बेटे नजीर अहमद डार को हिरासत में लिया गया। उनसे पूछताछ में एसपीओ की हत्या के पीछे की साजिश और मकसद का पता चला।’’ प्रवक्ता ने कहा कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और अहमद का सामान बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एसपीओ के दूर के रिश्तेदार हैं और उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद था।
अन्य न्यूज़













