अपने सुविचारों से हमारी स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे लालजी टंडन: शिवराज सिंह चौहान

Shivraj Singh Chouhan

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘‘हम सभी भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं को टंडन जी का मार्गदर्शन लंबे समय तक मिला। उन्होंने जनता और राष्ट्र की सेवा का एक अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए अपनी नीतियों से भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश को भी सशक्त किया।’’

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर मंगलवार को गहरा दुख: व्यक्त किया। टंडन का मंगलवार सुबह लखनऊ के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। चौहान ने टंडन को श्रद्धांजलि देने हुए कई ट्वीट किये। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मध्यप्रदेश के राज्यपाल रहते हुए टंडन जी ने हमें सदैव सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्र के प्रति उनके प्रेम और प्रगति हेतु उनके योगदान को चिरकाल तक याद रखा जाएगा। आत्मा अजर-अमर है। वह आज हमारे बीच नहीं हैं, परंतु अपने सुविचारों से वह हमारी स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे।’’ 

इसे भी पढ़ें: उप राष्ट्रपति नायडू और PM मोदी ने लालजी टंडन के निधन पर जताया शोक 

चौहान ने कहा, ‘‘हम सभी भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं को टंडन जी का मार्गदर्शन लंबे समय तक मिला। उन्होंने जनता और राष्ट्र की सेवा का एक अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए अपनी नीतियों से भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश को भी सशक्त किया।’’ मुख्यमंत्री चौहान मध्यप्रदेश के राज्यपाल टंडन के अंतिम संस्कार में शामिल होने लखनऊ जाएंगे। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी टंडन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘लालजी टंडन जी से हमेशा पितृवत स्नेह मिलता रहा। मुझे उनके मध्यप्रदेश के राज्यपाल बनने से पहले भी उनके सान्निध्य का सौभाग्य मिला था। चाहे कोई भी विषय हो, उनकी पकड़ अद्भुत थी। वह अपने आप में एक पुस्तकालय थे। विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को यह दुख: सहन करने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।’’

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने टंडन के निधन पर गहरा दुख: व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘महामहिम राज्यपाल लाल जी टंडन के निधन का दु:खद समाचार सुनकर बेहद दु:ख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। टंडन जी के परिजन के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’ प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘ मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। टंडन जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हू।कुशल संगठक और प्रशासक श्रद्धेय टंडन जी के निधन से भारतीय राजनीति के एक अध्याय का अवसान हुआ है। ईश्वर टंडन जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति।’’ 

इसे भी पढ़ें: अमित शाह ने लालजी टंडन के निधन पर जताया दुख, कहा- पूरा जीवन जनसेवा को रहा समर्पित 

प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने भी टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र और प्रदेश के लिये अपूरणीय क्षति बताया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पार्टी के महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, रामकिशोर कांवरे और अन्य नेताओं ने भी राज्यपाल लालजी टंडन पर गहरा दुख: व्यक्त किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़