Madurai में तनिष्क शोरूम लूट मामले का मुख्य आरोपी Nishant 1 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Madurai में तनिष्क शोरूम लूट मामले का मुख्य आरोपी Nishant 1 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तमिलनाडु के मदुरै में आभूषण शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की लूट के मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी निशांत को न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और उसके साथी से कुल 11.9 किलोग्राम चोरी का सोना बरामद कर लिया है।

मदुरै में करोड़ों रुपये के आभूषण लूट मामले के मुख्य आरोपी यूट्यूबर निशांत को एक अदालत ने एक दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शोरूम से चोरी किया गया 11.9 किलोग्राम सोना बरामद कर लिया गया है।

निशांत को सोमवार को धर्मपुरी जिले के सीसमपट्टी इलाके से अधियामन कोट्टई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे यहां एस एस कॉलोनी पुलिस थाने लाया गया, जहां पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ए जी इनिगो दिव्यन के नेतृत्व में जांच दल ने उससे पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कबूलनामे के आधार पर मुनियांडीपुरम गोपालिपुरम पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए 6.4 किलोग्राम चोरी के आभूषण बरामद किए गए।

इससे पहले उसके सहयोगी और सह-आरोपी मीनाक्षी के पास से 5.5 किलोग्राम सोना बरामद किया गया था। इस तरह कुल 11.9 किलोग्राम सोना बरामद हो चुका है। यह लूट 12 नवंबर तड़के मदुरै बाईपास रोड स्थित तनिष्क शोरूम में हुई थी।

पूछताछ के बाद निशांत का सरकारी राजाजी अस्पताल में अनिवार्य चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पेरियार बस स्टैंड के पास स्थित नियंत्रण कक्ष इकाई में उसके बायोमेट्रिक विवरण दर्ज किए गए। उसे 16 नवंबर को मदुरै जिला की पांचवीं न्यायिक मजिस्ट्रेट लक्ष्मी प्रिया की अदालत में पेश किया गया।

पुलिस ने बरामद आभूषण न्यायाधीश के समक्ष पेश किए, जिसके बाद अदालत ने आरोपी को एक दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। निशांत को कड़ी सुरक्षा के बीच मदुरै केंद्रीय कारागार में रखा गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़