दरभंगा में Maithili Thakur के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप, गायिका ने बताया झूठा

दरभंगा के तारडीह में लोकगायिका मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी और निजी जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की है। अंचल अधिकारी ने मामले की पड़ताल के लिए दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाया है। गायिका ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके पास सभी वैध कागजात मौजूद हैं।
बिहार के दरभंगा जिले के अलीनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक एवं लोकगायिका मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत में सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, नाले और कुछ निजी रैयती जमीनों पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगा है। हालांकि, मैथिली ठाकुर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बेबुनियाद और झूठा बताया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में अंचल अधिकारी (सीओ) और मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को आवेदन देकर शिकायत की है।
उनका आरोप है कि ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के समीप स्थित जमीन, सामूहिक श्राद्धस्थल, निजी श्मशान और शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज की ओर जाने वाली मुख्य सार्वजनिक सड़क पर चारदीवारी बनाकर रास्ता बाधित किया जा रहा है। अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने ग्रामीणों की शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को ‘जनता दरबार’ में बुलाया गया है।
संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, मैथिली ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में अपने पिता पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ये आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और झूठे हैं।
उनके परिवार के पास जमीन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं और किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाने वाले लोगों से सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने के बजाय अंचल अधिकारी या किसी सक्षम अधिकारी के समक्ष साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराने को कहा। इस विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र और पूर्व विधायक तेज प्रताप यादव ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
अन्य न्यूज़













