Bengaluru में 35 साल के व्यक्ति और 4 वर्षीय बेटे का शव संदिग्ध हालत में मिला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के चिक्काबनवारा में सोमवार सुबह एक बंद मकान से निजी कंपनी के कर्मचारी अभिनंदन और उनके मासूम बच्चे का शव बरामद किया गया। मृतक की पत्नी ने सुबह दोनों को बेसुध पाकर आपातकालीन हेल्पलाइन पर पुलिस को सूचित किया था। शुरुआती जांच में पुलिस को शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं और मृत्यु के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।

बेंगलुरु के चिक्काबनवारा इलाके में सोमवार सुबह 35 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके चार वर्षीय बेटे के शव उनके घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान निजी कंपनी में काम करने वाले अभिनंदन और उनके चार वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि अभिनंदन अपनी पत्नी और बेटे के साथ उस घर में रहते थे, जहां यह घटना हुई। मामले का पता तब चला जब उनकी पत्नी ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि वे एक रिश्तेदार के घर गए थे और रविवार शाम घर लौटे थे।

सोमवार सुबह जब वह उठीं तो उन्होंने अपने पति और बेटे को बेहोशी की हालत में पड़ा पाया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दोनों के शव मिले। शवों पर चाकू से वार के निशान या कोई बड़ी चोट नहीं थी, हालांकि शरीर पर मामूली चोट के निशान पाए गए।

अधिकारी ने कहा कि मौत का कारण पोस्टमार्टम जांच के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस ने कहा कि मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़