IndiGo की अबू धाबी-Kochi फ्लाइट में सहयात्री से मारपीट, बेल्ट से गला कसने वाला आरोपी गिरफ्तार

अबू धाबी से कोच्चि आ रही एक उड़ान में सहयात्री पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने मार्टिन नाम के शख्स को हिरासत में लिया है। विवाद के दौरान आरोपी ने पीड़ित यूसुफ के चेहरे पर मुक्का मारा और अपनी बेल्ट से उनका गला कस दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अबू धाबी से कोच्चि आ रही इंडिगो की एक उड़ान में सहयात्री पर हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे हुई।
कोच्चि के वेट्टिला निवासी ने कथित तौर पर उड़ान (6ई1404) में सवार त्रिशूर निवासी यूसुफ पर हमला किया। नेदुंबस्सेरी पुलिस के अनुसार, मार्टिन ने कथित तौर पर यूसुफ के चेहरे पर मुक्का मारा, जिससे उनका चश्मा टूट गया और उनकी दाईं आंख के पास चोट लग गई। पुलिस ने बताया कि विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी बेल्ट निकालकर यूसुफ के गले में कस दी।
प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय आरोपी सीट संख्या 30डी पर बैठा था, जबकि यूसुफ सीट संख्या 31बी पर बैठे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मार्टिन को गिरफ्तार कर लिया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि धारा 115(2) स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से संबंधित है, जबकि धारा 118(1) खतरनाक हथियारों या साधनों का इस्तेमाल कर स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित है।
पुलिस ने कहा कि वह जल्द ही शिकायतकर्ता का बयान दर्ज करेगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
अन्य न्यूज़














