मंगलुरु में Cyber Fraud: विदेशी गिफ्ट और डॉलर का झांसा देकर महिला से 8.5 लाख रुपये ठगे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक के मंगलुरु में एक महिला से ब्रिटेन से महंगे तोहफे और विदेशी मुद्रा भेजने के नाम पर 8.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता को पार्सल रिलीज कराने के लिए कस्टम और टैक्स के नाम पर किस्तों में पैसे जमा कराने का झांसा दिया गया। पुलिस के सीईएन थाने ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कर्नाटक के मंगलुरु में साइबर अपराधियों ने ब्रिटेन से विदेशी मुद्रा और स्वर्ण आभूषण जैसे महंगे उपहार भेजने का झांसा देकर एक महिला से कथित तौर पर 8.50 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मंगलुरु साइबर, इकोनॉमिक एंड नारकोटिक्स (सीईएन) पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने 2021 में स्टारमेकर ऐप का इस्तेमाल शुरू किया था। करीब दो महीने पहले वह इस ऐप के जरिए एक व्यक्ति के संपर्क में आई, जिसने अपना नाम क्रिस पाम्ल बताया और दावा किया कि वह ब्रिटेन में रहता है। बाद में उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया और व्हाट्सऐप पर उससे बातचीत शुरू कर दी।

महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने जब अपने बच्चे के जन्मदिन का जिक्र किया तो उस व्यक्ति ने उसे अमेरिकी डॉलर और स्वर्ण आभूषण सहित महंगे उपहार भेजने का वादा किया। उसने कथित उपहारों की तस्वीरें भी साझा कीं और दावा किया कि उसने डिलीवरी सेवा के जरिए एक पार्सल भेज दिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नौ नवंबर को महिला को एक अन्य नंबर से फोन आया।

फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई स्थित डिलीवरी सेवा का कर्मचारी बताया और कहा कि ब्रिटेन से उसके नाम पर एक पार्सल आया है। अधिकारी ने बताया कि उस व्यक्ति ने पार्सल जारी कराने के लिए सेवा शुल्क, भारत सरकार को देय आयकर और अन्य शुल्कों का भुगतान करने को कहा। उसकी बातों पर विश्वास करके महिला ने 13 से 20 नवंबर के बीच उसके द्वारा बताए गए बैंक खातों में किस्तों में करीब 8.50 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए।

हालांकि, पार्सल महिला के घर कभी नहीं पहुंचा और फोन करने वाले व्यक्ति ने भी जवाब देना बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़