Manipur में जबरन वसूली करते दो उग्रवादी पकड़े गए, PREPAK और KCP से जुड़े हैं तार

मणिपुर पुलिस ने राज्य में जबरन वसूली के मामलों पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम और बिष्णुपुर जिलों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान यह सफलता हासिल की। दोनों आरोपियों की पहचान अहोंगशांगबाम पिंकुमणि सिंह और मोहम्मद अब्दुल हकीम के रूप में हुई है।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो उग्रवादियों को जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, राज्य पुलिस कमांडो के एक दल ने मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई में अभियान चलाकर प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (प्रेपाक) के 39 वर्षीय सदस्य को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान अहोंगशांगबाम पिंकुमणि सिंह के रूप में हुई है। वह संगठन का सक्रिय सदस्य था। पुलिस के बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (वांगलेन) से जुड़े 60 वर्षीय एक उग्रवादी को बिष्णुपुर जिले के क्वाक्ता से गिरफ्तार किया गया।
उसकी पहचान मोहम्मद अब्दुल हकीम के रूप में हुई है। बयान के मुताबिक, वह क्वाक्ता में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। पुलिस ने बताया कि तीन साल पहले जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर के सभी जिलों में सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं तथा क्षेत्र में नियंत्रण मजबूत करने के लिए गश्त कर रहे हैं।
मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जारी जातीय संघर्ष में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
अन्य न्यूज़














