18 नवंबर 2017 को Manushi Chhillar ने जीता था Miss World का ताज

हरियाणा के सोनीपत की मानुषी छिल्लर ने वर्ष 2017 में आज ही के दिन विश्व सुंदरी प्रतियोगिता में जीत हासिल कर देश को गौरवान्वित किया था। भारत ने 17 साल के लंबे अंतराल के बाद यह खिताब अपने नाम किया था। निर्णायकों के सामने मातृत्व को सबसे अधिक वेतन पाने योग्य काम बताकर उन्होंने यह ऐतिहासिक ताज हासिल किया।
साल के 11वें महीने के 18वें दिन की बात करें तो कुछ वर्ष पहले की एक खूबसूरत घटना के कारण इस दिन ने इतिहास में अपनी एक खास जगह बनाई है। दरअसल, 18 नवंबर 2017 को भारत की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर ऐश्वर्या राय और प्रियंका चोपड़ा की परंपरा को आगे बढ़ाया। हरियाणा के सोनीपत में जन्मी मानुषी ने 17 साल बाद यह खिताब देश के नाम किया। इससे पहले वर्ष 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने इस खिताब को जीतकर उन गौरवपूर्ण क्षणों पर भारत का नाम लिख दिया था। मानुषी ने मातृत्व को दुनिया का सबसे अधिक वेतन पाने योग्य काम बताकर निर्णायकों को प्रभावित किया। देश दुनिया के इतिहास में 18 नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1727 : महाराजा जय सिंह द्वितीय ने जयपुर शहर की स्थापना की। बंगाल के विद्यासागर चक्रवर्ती इस शहर के वास्तुकार थे। 1772 : पेशवा माधव राव प्रथम का निधन और उनके स्थान पर उनके छोटे भाई नारायण राव ने राजगद्दी संभाली। 1918 : उत्तरपूर्वी यूरोपीय देश लातविया ने रूस से स्वतंत्रता की घोषणा की। 1927 : डिज्नी ने एनिमेटेड फिल्मों की सीरीज पर काम करना शुरू किया। 1948 : बिहार की राजधानी पटना के निकट स्टीमर ‘नारायणी’ के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच सौ लोग डूबे। 1959 : विमानवाहक पोत एचएमएस हर्मुज़ को ब्रिटिश रॉयल नेवी में शामिल किया गया, जिसे 1984 में सेवामुक्त करके भारत को बेच दिया गया।1987 में इसे आईएनएस विराट के रूप में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया, जहां इसने 30 वर्ष तक अपनी सेवाएं दीं। 1976: स्पेन की संसद ने 37 बरस की तानाशाही के बाद देश में लोकतंत्र की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी। 1978 : दक्षिण अफ्रीका के गुयाना में एक धार्मिक समुदाय पीपुल्स टैंपल क्रिश्चियन चर्च के सदस्यों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली। शीतल पेय में जहर डालकर पीने से 900 से ज्यादा लोगों की मौत। इनमें 276 बच्चे थे। 1994 : फ़लस्तीनियों के आत्मनिर्णय के अधिकार को संयुक्त राष्ट्र ने मान्यता प्रदान की। 2008 : केन्द्र सरकार ने वैश्विक आर्थिक मंदी से देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में 50,000 करोड़ रुपये देने का निर्णय किया। 2013 : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मंगल ग्रह पर अंतरिक्ष यान भेजा। 2017 : भारत की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का ख़िताब जीता। 2022: निजी कंपनी द्वारा बनाए गए भारत के पहले रॉकेट विक्रम-एस को श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किया गया। 2024: रूस ने सूडान में 19 महीने से जारी गृहयुद्ध को समाप्त करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ब्रिटेन समर्थित युद्धविराम प्रस्ताव पर वीटो लगा दिया। 2025: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा और उसकी पत्नी समेत छह माओवादी ढेर। 2025: भारत के निशानेबाजों ने 25वें बधिर ओलंपिक में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण और कांस्य पदक जीता।
अन्य न्यूज़













