Mandi के जलाशयों में Siberia और मध्य एशिया से प्रवासी पक्षी पहुंचे

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की आर्द्रभूमियों में साइबेरिया, तिब्बत और मध्य एशिया से मौसमी परिंदों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। ब्यास नदी घाटी, कुंतभ्योग और सुंदरनगर जलाशय में कॉमन कूट और कॉमन पोचार्ड जैसे पक्षी देखे गए हैं। वन विभाग ने इन मेहमान परिंदों की सुरक्षा और नियमित सर्वेक्षण के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
सर्दियों की दस्तक के साथ ही अनुकूल जलवायु परिस्थितियों और भोजन की तलाश में साइबेरिया, तिब्बत और मध्य एशिया से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की आद्रभूमियों और जलाशयों में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सर्दियों की शुरुआत के साथ ही ब्यास नदी घाटी, रिवालसर स्थित कुंतभ्योग और सुंदरनगर में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) की ब्यास-सतलुज लिंक (बीएसएल) परियोजना के जलाशय सहित पूरे मंडी की कई आर्द्रभूमियों में ‘कॉमन कूट’ और ‘कॉमन पोचार्ड’ जैसे मौसमी पक्षी दिखने लगे हैं।
सुकेत वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) पुलकित गुलाटी ने बताया कि ये पक्षी आमतौर पर अप्रैल से सितंबर के बीच साइबेरिया, तिब्बत और मध्य एशियाई क्षेत्रों में प्रजनन करते हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद जब उनके मूल आवासों में तापमान कम होने लगता है, तो वे दक्षिण एशिया की ओर प्रवास कर जाते हैं। गुलाटी ने कहा, “साइबेरिया की झीलें नवंबर के दौरान जम जाती हैं, जिससे पक्षियों की मुख्य खाद्य स्रोतों तक पहुंच बाधित हो जाती है और वे गर्म इलाकों की ओर जाने के लिए मजबूर हो जाते हैं।” उन्होंने कहा कि ये पक्षी मध्य एशियाई फ्लाईवे के रास्ते हिमाचल प्रदेश पहुंचते हैं और पोंग डैम, सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी जलाशय तथा रेणुका जी के आसपास प्रवास करते हैं।
गुलाटी ने कहा, “पहाड़ी इलाके इन पक्षियों को उनके मूल आवास स्थान में होने का एहसास दिलाते हैं। वे यहां तब तक रहते हैं, जब तक कि उनके मूल आवास स्थान में मौसमी परिस्थितियां अनुकूल नहीं हो जातीं। मौसम के अनुकूल होते ही ये पक्षी वापस अपने प्रजनन स्थलों की ओर उड़ जाते हैं।” उन्होंने बताया कि प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा और उनके आवासों के संरक्षण के लिए एक कार्य योजना तैयार करने के अलावा वन विभाग ने वन अधिकारियों और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं, ताकि नियमित सर्वेक्षण किए जा सकें और पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अन्य न्यूज़














