Moradabad: BJP MLA Kunwar Sushant Singh के सहयोगियों पर तीन युवकों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप

Moradabad: BJP MLA Kunwar Sushant Singh के सहयोगियों पर तीन युवकों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बढ़ापुर से भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह के सहयोगियों पर तीन युवकों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत के मुताबिक सोने का ब्रेसलेट चोरी होने के शक में युवकों को पीटा गया, जिनमें से एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। विधायक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बढ़ापुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कुंवर सुशांत सिंह के सहयोगियों पर तीन लोगों को कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि ठाकुरद्वारा थाने में तीन लोगों की ओर से शिकायत दी गई और विधायक के सहयोगियों समेत छह नामजद और नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गयी।

उन्होंने बताया कि अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। पीड़ितों के परिजनों के अनुसार, घरेलू सहायक अतुल व लवेश और उनके दोस्त रामू को विधायक के बेटे का सोने का ब्रेसलेट गायब होने के आरोप में कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटा गया। रामू की मां ओमवती ने आरोप लगाया कि सात अक्टूबर को विधायक के एक सहयोगी ने उनके बेटे को घर से बुलाया था, जबकि अन्य दोनों को पहले ही बंधक बना लिया गया था।

उन्होंने दावा किया कि तीनों को उल्टा लटकाकर बेल्ट से पीटा गया, बिजली के झटके दिए गए और उनके घावों पर नमक रगड़ा गया। परिजनों के मुताबिक, चोटिल होने के कारण तीनों को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और रामू की हालत गंभीर बताई गई है। विधायक सुशांत सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि घरेलू सहायकों से केवल गायब ब्रेसलेट के बारे में पूछताछ की गई थी।

उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार किया। वहीं, मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद रुचि वीरा ने पीड़ितों को तत्काल न्याय दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक सुशांत सिंह के पिता दिवंगत कुंवर सर्वेश सिंह और दादा रामपाल सिंह भी कई बार विधायक और सांसद रह चुके हैं। इस परिवार का मुरादाबाद और आसपास के जिलों में राजनीतिक प्रभाव रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़