अरुणाचल प्रदेश में Muskaan 2.0 अभियान शुरू, बच्चों की सुरक्षा होगी मजबूत

Prabhasakshi Image

अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट सियांग जिले की पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए मुस्कान 2.0 अभियान की शुरुआत की है। गृह मंत्री मामा नटुंग ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहला चरण इस बात का बेहतरीन उदाहरण है।

ईटानगर, दो अगस्त अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट सियांग जिले की पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने और राज्य भर में इसका दायरा बढ़ाने के लिए मुस्कान 2.0 अभियान की शुरुआत की है। यह कदम बच्चों की सुरक्षा के लिए संचालित उनके प्रमुख कार्यक्रम की सफलता के बाद उठाया गया है। अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नटुंग ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहला चरण इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि जब संस्थाएं और समाज मिलकर काम करते हैं तो क्या परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

नटुंग ने बताया, अरुणाचल प्रदेश पुलिस की ईस्ट सियांग इकाई के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत 104 स्कूलों के करीब 16,897 छात्रों तक पहुंच बनाई गई। इसके जरिए बच्चों में जागरुकता बढ़ाई गई और उन्हें स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम बनाया गया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण मिशन को आगे बढ़ाने के लिए अभिनेत्री और बाल सुरक्षा की ‘ब्रांड एंबेसडर’ चुम दरंग के योगदान की भी सराहना की।

गृह मंत्री ने कहा, मुस्कान 2.0 का मुख्य उद्देश्य माता-पिता और शिक्षकों को सीधे इस मुहिम से जोड़ना है, ताकि बच्चों की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और मजबूत हो सके। आइए, हम सब मिलकर अपने बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए काम करना जारी रखें। अभियान के तहत स्कूलों में शिकायत पेटियां लगाने, मामलों का तत्काल निपटारा करने और पुलिसकर्मियों को बच्चों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण देने जैसे कदम उठाए गए।

ईस्ट सियांग के पुलिस अधीक्षक पंकज लांबा ने बताया कि मुस्कान 2.0 मेंमाता-पिता व शिक्षकों को भी इस मुहिम का हिस्सा बनाया जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़