नागपुर में 20 रुपये के विवाद पर 76 वर्षीय मोची की हत्या, आरोपी दिलीप पवार गिरफ्तार

नागपुर में 20 रुपये के विवाद पर 76 वर्षीय मोची की हत्या, आरोपी दिलीप पवार गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बुटीबोरी क्षेत्र में चप्पल मरम्मत के 20 रुपये मांगने पर एक बुजुर्ग मोची पर लोहे के औजार से हमला कर दिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद एम्स नागपुर में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई।

नागपुर, पांच अक्टूबर महाराष्ट्र के नागपुर के बुटीबोरी इलाके में चप्पल की मरम्मत के 20 रुपये देने को लेकर हुए विवाद में 76 वर्षीय मोची पर लोहे के औजार से कथित तौर पर हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान दिलीप पवार (35) के रूप में हुई है जिसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतक की पहचान जयसिंह राजाराम भैसवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पवार चप्पल की मरम्मत कराने के लिए मोची की दुकान पर गया था। काम पूरा होने के बाद उसने मरम्मत के पैसे देने से इनकार कर दिया।

दुकान पर मौजूद भैसवार ने उससे मरम्मत के 20 रुपये देने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने बताया कि पवार ने कथित तौर पर भैसवार को गाली दी और मोची का काम करने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की त्रिकोणीय निहाई से उसके सिर पर वार कर दिया।

घायल व्यक्ति को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नागपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पैसे देने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हमले में बदल गया। आरोपी ने दुकान पर रखा लोहे का औजार उठाकर बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया।

घटना के तुरंत बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’ बुटीबोरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़