Droupadi Murmu के ओडिशा दौरे को लेकर कटक और भुवनेश्वर में 70 प्लाटून पुलिस बल तैनात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ओडिशा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए कटक और भुवनेश्वर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कटक के बाली जात्रा मैदान में 38 वॉच टावर और 1400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। राजधानी भुवनेश्वर में काफिले की सुरक्षा के लिए रिहर्सल पूरी कर ली गई है और जरूरत पड़ने पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मंगलवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय ओडिशा दौरे के मद्देनजर भुवनेश्वर और कटक में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुर्मू मंगलवार को कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगी और बुधवार को भुवनेश्वर में होम्योपैथी पर राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल होंगी।

पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्रा ने कटक में बाली जात्रा मैदान में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जबकि पुलिस ने भुवनेश्वर में हवाई अड्डे से लोक भवन तक राष्ट्रपति के काफिले का पूर्वाभ्यास किया। मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति बाली जात्रा मैदान में पांच स्थानों का दौरा करेंगी और सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की कुल 70 प्लाटून तैनात की जाएंगी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मैदान में 38 निगरानी टावर बनाए गए हैं और 1,400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सरवाना विवेक एम ने कहा, “हमने यातायात की सुचारु आवाजाही के लिए सभी इंतजाम किए हैं। जहां भी आवश्यक होगा, वहां थोड़े समय के लिए यातायात प्रतिबंध लगाए जाएंगे।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़