नागपुर में कार से लूटे गए 3.28 करोड़ रुपये Madhya Pradesh से बरामद, 3 गिरफ्तार

नागपुर में कार से लूटे गए 3.28 करोड़ रुपये Madhya Pradesh से बरामद, 3 गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र के नागपुर में कार सवारों से हुई लूट मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट से 3.28 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। नकदी को डोरली माल गांव में एक खेत के अंदर पुआल के नीचे छिपाकर रखा गया था। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से तीन आरोपियों को पकड़ा गया है।

महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले सप्ताह हुई सनसनीखेज वारदात में लूटे गए 3.28 करोड़ रुपये पुलिस ने मध्यप्रदेश से बरामद कर लिए हैं और इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नकदी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली माल गांव में एक खेत से बरामद की गई।

अधिकारियों ने बताया कि लूट की वारदात 18 नवंबर को रात करीब डेढ़ बजे नागपुर के शांति नगर थाना क्षेत्र के तुलसी नगर में हुई थी। इस दौरान चार से पांच नकाबपोश लोगों ने एक कार में सवार लोगों पर हमला किया और 3.74 करोड़ रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई नकदी प्लास्टिक की तीन बोरियों में भरकर पुआल के ढेर के नीचे छिपाई गई थी।

पांच दिनों तक चली जांच और मध्यप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर तलाशी के बाद यह रकम बरामद की गई। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की लोकेशन से हमें आरोपियों के कटंगी और वारासिवनी की तरफ होने का सुराग मिला। करीब तीन दिनों तक तलाशी लेने के बाद हमारी टीम डोरली माल गांव पहुंची।

पुलिस ने अरविंद डहरवाल, रजनीकांत चंद्रावल और चंद्रकांत दिनेश बघेल को गिरफ्तार किया।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़