मणिपुर की राज्यपाल बनीं नजमा, मुखी को अंडमान व निकोबार

[email protected] । Aug 17 2016 5:12PM

पूर्व केन्द्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला को आज मणिपुर की राज्यपाल नियुक्त किया गया जबकि पूर्व राज्यसभा सदस्य वीपी सिंह बडनोरे पंजाब के राज्यपाल बनाये गये हैं।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला को आज मणिपुर की राज्यपाल नियुक्त किया गया जबकि पूर्व राज्यसभा सदस्य वीपी सिंह बडनोरे पंजाब के राज्यपाल बनाये गये हैं। राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के अनुसार नागपुर से तीन बार सांसद रह चुके दैनिक ‘द हितवाद’ के प्रबंध संपादक बनवारीलाल पुरोहित असम के राज्यपाल बनाए गए हैं। दिल्ली के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रो. जगदीश मुखी अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल बनाए गए हैं।

हेपतुल्ला, बडनोरे, पुरोहित और मुखी चारों भाजपा से जुड़े रहे हैं। हेपतुल्ला ने पिछले महीने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री के रूप में केन्द्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। माना जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रियों के लिए ‘75 साल की समयसीमा’ तय कर रखी है और लालकृष्ण आडवाणी एवं मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गज नेताओं को कैबिनेट से बाहर रखा है। उन्हें ‘मार्गदर्शक मंडल’ में शामिल किया गया है।

मेघालय के राज्यपाल वी. षणमुगनाथम मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाले हुए थे। विज्ञप्ति में बताया गया है कि राजस्थान से संबंध रखने वाले 68 वर्षीय बडनोरे पंजाब के नए राज्यपाल होंगे। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी पंजाब का अतिरिक्त प्रभार संभाले हुए थे। नगालैंड के राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य असम के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाले हुए थे। अब इस पद पर 76 वर्षीय पुरोहित आसीन होंगे। मुखी को लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) के स्थान पर अंडमाण निकोबार द्वीप समूह का उप राज्यपाल बनाया गया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़