मिजोरम 236 किलो Methamphetamine जब्ती मामले में असम से मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

मिजोरम 236 किलो Methamphetamine जब्ती मामले में असम से मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

एनआईए ने मिजोरम में बरामद करीब 30.72 करोड़ रुपये की मेथामफेटामीन गोलियों की तस्करी मामले में असम के सिलचर से नुरुल इस्लाम को पकड़ा है। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी म्यांमा से भारत में मादक पदार्थों की आपूर्ति के अंतरराज्यीय नेटवर्क का प्रमुख षड्यंत्रकारी है। इस मामले में पहले भी पांच आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पिछले साल मई में मिजोरम में करीब 30.72 करोड़ रुपये मूल्य की 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामीन गोलियां जब्त किए जाने के मामले में असम के सिलचर से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान नुरुल इस्लाम के रूप में हुई है और उसे रविवार को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के पास से मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, एनआईए की जांच में पता चला है कि इस्लाम जब्त की गई मेथामफेटामीन गोलियों की म्यांमा से भारत के मुख्य भूभाग तक तस्करी का मुख्य साजिशकर्ता था और इसके लिए वह अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था। मेथामफेटामीन को मेथ के नाम से भी जाना जाता है और वह एक शक्तिशाली कृत्रिम मनोउत्तेजक पदार्थ है।

इसके दुरुपयोग और इसकी लत लगने की आशंका काफी अधिक होती है। इसे स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत मन:प्रभावी पदार्थ के रूप में अधिसूचित किया गया है। इसका अवैध निर्माण, परिवहन और तस्करी करने पर कड़े दंड का प्रावधान है।

इस मामले में इससे पहले पांच आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इनमें मिजोरम के दो, त्रिपुरा के दो और असम का एक आरोपी शामिल है। एनआईए ने कहा कि साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और इसके व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़