Noida में मुठभेड़ के बाद 16 मुकदमों का आरोपी बदमाश शुभम गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सेक्टर-63 थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद एक वांछित अपराधी को पकड़ा है। आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और कारतूस बरामद कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नोएडा पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लूटपाट और चोरी की वारदातों में लिप्त एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान सेक्टर-63 निवासी शुभम उर्फ शिवम के रूप में हुई है जिसके खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-63 थाना पुलिस बुधवार आधी रात को गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच कर रही थी तभी सर्विस लेन की ओर से बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। उन्होंने बताया कि रुकने के बजाय आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसे घेर लिया।

खुद को घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस दल पर गोली चला दी। सिंह ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ लूटपाट, हत्या के प्रयास, चोरी और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न आरोपों में पहले से 16 मुकदमे दर्ज हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़