12 October History: नवाज शरीफ को हटाकर Pervez Musharraf ने हथियाई थी पाकिस्तान की सत्ता

12 October History: नवाज शरीफ को हटाकर Pervez Musharraf ने हथियाई थी पाकिस्तान की सत्ता
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वर्ष 1999 में 12 अक्टूबर के दिन सेना प्रमुख परवेज मुशर्रफ ने तत्कालीन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का तख्तापलट कर दिया था। मुशर्रफ के विमान अपहरण और आतंकवाद के आरोप में शरीफ को गिरफ्तार किया गया और बाद में 40 परिजनों संग सऊदी अरब निर्वासित किया गया। इसी तारीख को दुनिया की आबादी छह अरब पहुंचने और कोलंबस द्वारा बहामा द्वीप देखने की घटनाएं भी दर्ज हैं।

इतिहास के पन्नों में 12 अक्टूबर का दिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में सेना प्रमुख के हाथों सरकार के तख्तापलट के दिन के तौर पर दर्ज है। दरअसल 1999 में इसी दिन देश के तत्कालीन सेना प्रमुख परवेज मुशर्रफ ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सरकार का तख्तापलट कर शासन की बागडोर अपने हाथ में ले ली थी। इस रक्तविहीन क्रांति में नवाज पर श्रीलंका से आ रहे मुशर्रफ के विमान का अपहरण करने और आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बाद में उन्हें परिवार के 40 सदस्यों के साथ सऊदी अरब निर्वासित कर दिया गया। देश-दुनिया के इतिहास में 12 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:- 1492 : इटली के खोजकर्ता क्रिस्टोफर कोलंबस की ऐतिहासिक खोज यात्रा पर निकले तीन जहाजों में से एक पर सवार लोगों ने बहामा में वाटलिंग द्वीप देखा। इसे एक नयी दुनिया की खोज कहा गया।

1967 : राजनीतिज्ञ और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता राम मनोहर लोहिया का निधन। लोहिया को उनके नवाचारी विचारों के लिए याद किया जाता है। 1999 : पाकिस्तान में परवेज मुशर्रफ ने रक्तविहीन क्रांति कर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सरकार का तख्ता पलटा और सत्ता हथिया ली।

1999 : संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या कोष के अनुमान के अनुसार, यह 12 अक्टूबर का ही दिन था, जब दुनिया की आबादी ने छह अरब का आंकड़ा छू लिया। 2000 : यमन के बंदरगाह अदन में ईंधन भरने की तैयारी कर रहे अमेरिका के विध्वंसक पोत पर अलकायदा से जुड़े आत्मघाती आतंकवादियों ने हमला किया, 17 नाविकों की मौत। 2001 : संयुक्त राष्ट्र और इसके महासचिव कोफी अन्नान को सदी का पहला नोबेल शांति सम्मान प्रदान किया गया।

2011 : भारत ने मानसून के मिजाज के अध्ययन के लिए एक उपग्रह सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया। 2018 : ओडिशा में ‘तितली’ चक्रवात के कारण भारी बारिश और बाढ़ से 60 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित। 2023: साल 2016 में पठानकोट में वायुसेना स्टेशन पर हुए हमले के मुख्य षड्यंत्रकर्ता शाहिद लतीफ की पाकिस्तान में हत्या।

2024: कोस्टारिका के प्रशांत महासागर तट पर 6.2 तीव्रता का भूकंप।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़