14 October History: दिल्ली में 19वें Commonwealth Games का समापन और खेल जगत की अहम घटनाएं

14 October History: दिल्ली में 19वें Commonwealth Games का समापन और खेल जगत की अहम घटनाएं
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

साल के दसवें महीने की 14 तारीख भारत के खेल इतिहास में एक खास मुकाम रखती है, जब 2010 में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का सफल समापन हुआ था। इसी तारीख को वर्ष 2024 में भारत ने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में पाकिस्तान को सात विकेट से मात देकर विश्व कप में अपना अजेय रिकॉर्ड कायम रखा।

साल के 10वें महीने की 14 तारीख भारत में खेलों के बड़े आयोजन से जुड़ी है। इसी दिन 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन हुआ था। नयी दिल्ली में तीन अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2010 के बीच 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया गया था। भारत ने 1982 में एशियाई खेलों के सफल आयोजन के करीब तीन दशक के बाद इतने विशाल स्तर पर किसी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया था। खेलों के आयोजन के लिए पूरी दिल्ली में विशेष इंतजाम किए गए थे। खेलों की शुरुआत दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुई और समापन समारोह भी 14 अक्टूबर को यहीं हुआ। 14 अक्टूबर 2022 को ही हांगकांग में एक दुर्लभ गुलाबी हीरे की 5.77 करोड़ अमरीकी डॉलर में नीलामी हुई। इस हीरे ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नीलामी में प्रति कैरेट सबसे अधिक कीमत का विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। यह हीरा अमेरिका में एक निजी संग्रहकर्ता ने खरीदा। सूथबे, हांगकांग की ओर से नीलाम किए गए 11.15 कैरेट के विलियमसन पिंक स्टार ने प्रति कैरेट 52 लाख डॉलर की कमाई की जो 2015 में नीलाम हुए नीले हीरे के पिछले रिकॉर्ड 40 लाख डॉलर प्रति कैरेट से अधिक थी। विलियमसन पिंक स्टार तंजानिया में विलियमसन खदान से निकला हीरा है। यह खदान गुलाबी हीरे के लिए प्रसिद्ध है, जो रंगीन हीरों में सबसे दुर्लभ और सबसे मूल्यवान हैं। 14 अक्टूबर 2024 को गुजरात के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में भारत ने सात विकेट से एकतरफा जीत दर्ज करके चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया और इस देश के खिलाफ विश्व कप में जीत का रिकॉर्ड 8 . 0 कर लिया। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 42 . 5 ओवर में 191 रन पर ढेर कर दिया और जवाब में बल्लेबाजों ने 30 . 3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। विश्व कप में 1992 के बाद से भारत की पाकिस्तान पर यह लगातार आठवीं जीत है। 14 अक्टूबर 2025 को राजस्‍थान के जैसलमेर जिले में जोधपुर जा रही एक निजी बस में आग लगने से 20 लोग जिंदा जल गए और 16 गंभीर रूप से झुलस गए। बस में कुल 57 यात्री थे।

देश-दुनिया के इतिहास में 14 अक्टूबर की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1882 : लाहौर में पंजाब विश्वविद्यालय की स्थापना। बंटवारे के बाद इसके दो हिस्से कर दिए गए थे और भारत के विश्वविद्यालय को शुरू में ‘पूर्वी पंजाब विश्वविद्यालय’ (ईपीयू) कहा जाता था, जो शिमला में स्थित था। 1944 : जर्मन फील्ड मार्शल एरविन रोमेल ने एडोल्फ हिटलर की हत्या की साजिश में नाम आने के बाद जहर खाकर जान दी। 1964 : मार्टिन लूथर किंग जूनियर को अहिंसा के सिद्धांत का पालन करते हुए रंगभेद के खिलाफ संघर्ष के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजा गया। 1994 : फलस्तीन के नेता यासिर अराफात को इजराइल के प्रधानमंत्री यित्जक राबिन और विदेश मंत्री शिमोन पेरेज के साथ नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया गया। 2010 : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तीन अक्टूबर को शुरू हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन। 2017 : सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक शक्तिशाली ट्रक बम विस्फोट हुआ जिसमें 500 से अधिक लोगों की जान चली गई। इसे अफ्रीका के इतिहास के सबसे घातक आतंकवादी हमलों में गिना जाता है। 2020 : मिस्त्र फिल्म उद्योग के मशहूर अभिनेता महमूद यासिन का 79 वर्ष की आयु में निधन। वे 20 सदी के मिस्त्र फिल्म जगत के स्तंभ माने जाते थे और उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों में काम किया था। 2021 : ताइवान में एक इमारत में आग लगने से 46 लोगों की मौत। 2022 : कंबोडिया में नाव डूबने से 10 छात्रों की मौत। 2023 : फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा को खाली करके दक्षिण की तरफ जाने के लिए इजराइल की सेना के आदेश के बाद हजारों लोगों ने पलायन किया। 2024 : गुजरात में बने दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम ‘नरेन्द्र मोदी स्टेडियम’ में भारत ने सात विकेट से चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में एकतरफा जीत हासिल की। 2025 : राजस्थान के जैसलमेर जिले में चलती बस में आग लगी, 20 यात्री जिंदा जले। इसी दिन बांग्लादेश में रसायन के गोदाम और कपड़ा कारखाने में आग लगने से 16 लोगों की मौत।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़