चक्रवात Akwan के बाद ओडिशा में बाढ़ का खतरा, नदियों की 24 घंटे निगरानी के आदेश

चक्रवात Akwan के बाद ओडिशा में बाढ़ का खतरा, नदियों की 24 घंटे निगरानी के आदेश
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओडिशा सरकार ने चक्रवाती तूफान अकवान के कमजोर पड़ने पर जल संसाधन विभाग को राज्य की नदियों और जलाशयों पर चौबीसों घंटे कड़ी नजर रखने को कहा है। भारी बारिश के चलते प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, हालांकि विभाग के अनुसार स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं झारखंड प्रशासन ने भी बांधों से अतिरिक्त पानी न छोड़ने का भरोसा दिया है।

ओडिशा सरकार ने चक्रवात अकवान के कमजोर पड़ने के बाद शनिवार को जल संसाधन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश देते हुए उसे नदियों और जलाशयों की चौबीसों घंटे निगरानी करने का आदेश दिया है। जल संसाधन विभाग की सचिव शुभा शर्मा ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि सभी क्षेत्रीय इकाइयों और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा एहतियाती उपाय लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चक्रवात के कारण लगातार हो रही बारिश से राज्य की अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

भुवनेश्वर मौसम केंद्र के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान अकवान दक्षिणी तटीय ओडिशा के ऊपर बना हुआ था। इसके अगले छह घंटों के दौरान ओडिशा के ऊपर उत्तर दिशा में बढ़ने और कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि राज्य में बारिश की तीव्रता अब काफी कम हो गई है लेकिन पूर्वानुमान के अनुसार कुछ जिलों में बारिश जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, जगतसिंहपुर, जाजपुर के अलावा पुरी, खुर्दा और कटक में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, हालांकि कई इलाकों में पहले ही काफी बारिश हो चुकी है। जल संसाधन विभाग के सूत्रों ने बताया कि शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बालासोर और कटक जिलों में औसतन करीब 50 मिलीमीटर बारिश हुई।

सबसे अधिक 143 मिलीमीटर बारिश बालासोर जिले के भोगराई में हुई। इसके बाद नयागढ़ जिले के ओडोगांव में 108 मिलीमीटर, गंजाम के बुगुड़ा में 102 मिलीमीटर और कटक जिले के टांगी-चौद्वार में 90 मिलीमीटर बारिश हुई। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि झारखंड में भी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा सरकार जल संसाधन विभाग के सचिव के संपर्क में है।

उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि उनके बांधों में पर्याप्त जल भंडारण क्षमता होने के कारण जरूरी पानी रोककर रखा जाएगा और अतिरिक्त पानी नहीं छोड़ा जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि झारखंड से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण अक्सर बालासोर सहित ओडिशा के उत्तरी जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है। इस बीच, जल संसाधन विभाग ने बताया कि राज्य की प्रमुख नदियों में जलस्तर नियंत्रण में है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़