Messi Kerala Visit Case: पूर्व खेल मंत्री V Abdurahiman पर SIT का शिकंजा, बनाए गए आरोपी

केरल में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम को लाने के प्रयास में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम ने पूर्व खेल मंत्री वी. अब्दुरहमान और दो अन्य को आरोपी बनाया है। इस मामले में सरकार से अनुमति मिलने के बाद जांच दल ने यह कदम उठाया है। जांच एजेंसी जल्द ही इस संबंध में मजिस्ट्रेट अदालत में अपनी रिपोर्ट दाखिल करेगी।
लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम को केरलम लाने की कोशिशों में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शनिवार को राज्य के पूर्व खेल मंत्री वी. अब्दुरहमान और दो अन्य लोगों को मामले में आरोपी बनाया है। सूत्रों के अनुसार, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने शुक्रवार को एसआईटी को अब्दुरहमान, उनके पूर्व निजी सचिव सी. सत्यपालन और केरल राज्य खेल परिषद के पूर्व अध्यक्ष यू. शराफ अली को आरोपी बनाने की अनुमति दी थी। यूडीएफ सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी।
जांच दल ने इससे पहले प्रायोजक कंपनी और उसके प्रबंध निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सूत्रों ने बताया कि इस साल होने वाले फीफा विश्व कप से पहले अर्जेंटीना की टीम को केरलम लाने की नाकाम कोशिशों की जांच के दौरान तीनों के खिलाफ सबूत मिलने के बाद उन्हें आरोपी बनाया गया। एसआईटी जल्द ही इस संबंध में मजिस्ट्रेट अदालत में रिपोर्ट दाखिल कर सकती है।
सूत्रों ने बताया कि जांच के तहत पूर्व खेल मंत्री से पहले भी पूछताछ की गई थी, लेकिन आगे की पूछताछ के लिए उन्हें नया नोटिस जारी किया जाएगा।
अन्य न्यूज़













